1. Hindi News
  2. धर्म
  3. त्योहार
  4. Vivah Panchami 2025: विवाह पंचमी कब है 25 या 26 नवंबर? इस दिन के ये खास उपाय दिलाएंगे विवाह, प्रेम और करियर में अपार सफलता

Vivah Panchami 2025: विवाह पंचमी कब है 25 या 26 नवंबर? इस दिन के ये खास उपाय दिलाएंगे विवाह, प्रेम और करियर में अपार सफलता

 Written By: Laveena Sharma
 Published : Nov 24, 2025 01:56 pm IST,  Updated : Nov 24, 2025 01:56 pm IST

विवाह पंचमी का पावन पर्व इस साल 25 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन को भगवान श्रीराम और देवी सीता के विवाह की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है। जानिए इस दिन किन विशेष उपायों को करने से जीवन के सभी दुखों का अंत हो जाता है।

vivah panchami- India TV Hindi
विवाह पंचमी कब है Image Source : CANVA

Vivah Panchami 2025 Ke Upay: प्रत्येक वर्ष मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को विवाह पंचमी के रूप में मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन मिथिला में सीता स्वयंवर जीतकर भगवान श्री राम ने माता सीता से विवाह रचाया था। इस दिन बहुत से विवाह भी सम्पन्न कराये जाते हैं। इस शुभ अवसर पर श्री राम और माता सीता की विशेष पूजा का विधान है। इससे आपके सुख-सौभाग्य में तो बढ़ोतरी होगी ही, साथ ही आपके सारे काम भी सिद्ध होंगे। आपको शादी से लेकर विद्या और बिजनेस से लेकर स्वास्थ्य हर तरह का फायदा मिलेगा। चलिए अब बात करेंगें इस दिन किये जाने वाले उपायों की..

विवाह पंचमी के उपाय (Vivah Panchami Upay In Hindi)

अगर आप हर तरफ से, हर क्षेत्र में अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो विवाह पंचमी के दिन आपको श्री राम यंत्र की स्थापना करनी चाहिए। आप चाहें तो खुद भी इस यंत्र का निर्माण कर सकते हैं। इसके लिये एक भोजपत्र, अनार की कलम और केसर की स्याही लें, लेकिन अगर आपके पास ये सब नहीं है तो आप एक सफेद कोरा कागज और एक लाल स्केच पेन लें। अब भोजपत्र या सफेद कोरे कागज पर एक बिंदू बनाइये। फिर इस बिंदू के बाहर एक त्रिकोण बनाईये। अब उस त्रिकोण के विपरीत एक और त्रिकोण बनाइये। इस तरह ये एक षटकोण बन जायेगा। अब षटकोण के बाहर एक वृत्त बनाइये और उस वृत्त के बाहर 8 कमल की पंखुड़ियां बनाइये। इस प्रकार आपका यंत्र तैयार हो जायेगा, लेकिन ध्यान रहे कि यंत्र बनाते समय ‘राम’ का नाम लेते रहें । इस प्रकार यंत्र बनाने के बाद उसके मध्य में श्री राम का ध्यान करते हुए ‘क्लीं रामाय नमः’ मंत्र का 1008 बार जप करें। फिर उसे किसी सुरक्षित स्थान पर संभालकर रख दें। 

  1. अगर आप परिवार में सबके साथ प्रेम भाव बनाये रखना चाहते हैं, तो इस दिन मन्दिर में गंगाजल के छींटे मारकर श्री राम और माता सीता का ध्यान करें और इस चौपाई का 11 बार पाठ करें। चौपाई इस प्रकार है- सब नर करहि परस्पर प्रीती। चलहि स्वधर्म निरत श्रुति नीती॥
  2. अगर आप अपने परिवार को जोड़े रखना चाहते हैं, अपने परिवार को हर किसी की बुरी नजर से बचाये रखना चाहते हैं, तो इस दिन आपको अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर तिल, जौ और गुग्गुल से घर पर ही एक छोटा-सा हवन करना चाहिए। हवन के लिये ध्यान रहे कि जौ के मुकाबले तिल दो गुना होना चाहिए और गुग्गुल आदि हवन सामग्री जौ के बराबर होनी चाहिए।
  3. अगर आप अपने बच्चों के रिश्ते के संबंध में शहर से बाहर यात्रा पर जा रहे हैं और आप चाहते हैं कि आपको बीच में किसी तरह की कोई परेशानी न आये और आपकी यात्रा सफल हो जाये, तो इस दिन आप श्री राम की इस चौपाई का 11 बार जप कीजिये। चौपाई है- प्रबिसि नगर कीजै सब काजा। हृदय राखि कौशलपुर राजा।।
  4. अगर आप अपने जीवनसाथी की लंबी उम्र की कामना करती हैं, तो इस दिन एक डिब्बी में सिंदूर लेकर भगवान राम और माता सीता के चरणों में रखिये और उनकी विधि-पूर्वक धूप-दीप आदि से पूजा कीजिये।पूजा के बाद उस सिंदूर की डिब्बी को उठाकर अपनी पत्नी को भेंट कर दें। अगर आप खुद एक महिला हैं, तो अपने पति से कहिये कि वो सिंदूर की डिब्बी उठाकर आपको दे दें और आपकी मांग में थोड़ा-सा सिंदूर भी लगा दें।
  5. अगर आप बिजनेस में खूब धन की प्राप्ति करना चाहते हैं, तो इस दिन स्नान आदि के बाद आपको माता सीता सहित भगवान श्री राम की विधि-पूर्वक पूजा करके श्री राम के इस मंत्र का 21 बार जप करना चाहिए। मंत्र इस प्रकार है–‘श्रीं रामाय नमः।’ मंत्र जप के साथ ही अगर संभव हो तो श्री राम यंत्र की स्थापना भी कीजिये । 
  6. अगर वैवाहिक जीवन में आप सुख-सौभाग्य पाना चाहते हैं, तो इस दिन आपको सौभाग्य बीसा यंत्र से जुड़ा उपाय करना चाहिए। इसके लिये एक सौभाग्य बीसा यंत्र लाकर, उसकी विधि-पूर्वक पूजा करके अपने घर में स्थापित करें। आप चाहें तो खुद भी इस यंत्र का निर्माण कर सकते हैं। इसके लिये एक भोजपत्र पर अष्टगंध से अनार की कलम द्वारा या ये सब न हो तो एक सफेद कोरे कागज पर लाल पेन से एक वर्गाकार आकृति बनाइये। अब उस आकृति में तीन कॉलम बनाइये और हर कॉलम में तीन खाने बनाइये। अब पहले कॉलम में बायीं से दायीं तरफ क्रम से 8, 9 और 3 लिखिये। फिर दूसरे कॉलम में बायीं से दायीं तरफ क्रम से 2, 7 और 11 लिखिये। फिर तीसरे कॉलम में भी इसी तरह 10, 4 और 6 लिखिये। इस तरह आपका यंत्र तैयार हो जायेगा। अब आप उस यंत्र की विधि-पूर्वक पूजा कीजिये और उसे घर में उचित स्थान पर स्थापित कीजिये। चाहें तो घर के मन्दिर में ही रख दीजिये।
  7.  
  8. अगर आप अपनी बेटी के लिये बहुत समय से रिश्ता ढूंढ रहे हैं, लेकिन कोई अच्छा रिश्ता नहीं मिल पा रहा है, तो इस दिन से शुरू करके अगले 11 दिनों तक आपको रामचरित मानस की इस चौपाई का 108 बार पाठ करना चाहिए। चौपाई इस प्रकार है- सुन सिय सत्य असीस हमारी, पूरहिं मन कामना तुम्हारी।
  9.  
  10. अगर आप हर तरह की बुराईयों से और संकटों से अपनी रक्षा करना चाहते हैं, तो इस दिन आपको भगवान श्री राम का ध्यान करते हुए श्री राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करना चाहिए। 
  11. अगर आपका बच्चा पढ़ाई में कमजोर है और परीक्षा में उसके अच्छे नंबर नहीं आते हैं, तो इस दिन अपने बच्चे को साथ में बिठाकर, सामने एक पीले रंग का कपड़ा बिछाकर, उस पर विद्या यंत्र की स्थापना करके रामचरित मानस की इस चौपाई का एक माला, यानि 108 बार पाठ करें। चौपाई इस प्रकार है- गुरु ग्रह गए पढ़न रघुराई। अलपकाल विद्या सब आई। इस प्रकार चौपाई का पाठ करके उस विद्या यंत्र को अपने बच्चे के पढ़ाई वाले कमरे में रख दें या फिर ताबीज में डलवाकर अपने बच्चे के गले में पहना दें।
  12. अगर आप जीवनसाथी के साथ अपने प्यार में बढ़ोतरी करना चाहते हैं और रिश्तों का सम्मान बनाये रखना चाहते हैं, तो इस दिन आपको श्री राम और माता सीता की सुगंधित पुष्पों से पूजा करनी चाहिए और पूजा के बाद भगवान को चढ़ाये फूलों में से एक फूल लेकर अपने जीवनसाथी को गिफ्ट करना चाहिए। 
  13. अगर आप किसी विशेष मनोरथ की प्राप्ति करना चाहते हैं, यानि अपनी कोई विशेष इच्छा पूरी करना चाहते हैं, तो इस दिन श्री राम की तस्वीर के आगे बैठकर उनकी इस चौपाई का पाठ करें। चौपाई इस प्रकार है- “मोर मनोरथु जानहु नीके । बसहु सदा उर पुर सबही के ।।“ ..... इस प्रकार 21 बार चौपाई का पाठ करके भगवान श्री राम को पुष्प अर्पित करें और उन्हें बेसन से बनी मिठाई का भोग लगाएं। 

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

 

यह भी पढ़ें:

बेहद शुभ योग में हो रही है नए साल की शुरुआत, चंद्र देव रहेंगे उच्च राशि में, इन 3 राशियों को मिलेगा दोगुना फायदा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Festivals से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें धर्म