Tuesday, February 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Budhwar Upay: बुधवार के उपाय से दूर होगी हर परेशानी, खुशियों से भर जाएगा जीवन, घर में बनी रहेगी समृद्धि

Budhwar Upay: बुधवार के उपाय से दूर होगी हर परेशानी, खुशियों से भर जाएगा जीवन, घर में बनी रहेगी समृद्धि

Written By : Acharya Indu Prakash Edited By : Vineeta Mandal Published : Feb 17, 2026 10:34 pm IST, Updated : Feb 17, 2026 10:34 pm IST

Budhwar Upay: अगर आपके जीवन से परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही है तो बुधवार के दिन इन उपायों को जरूर करें। ऐसा करने से आपको समस्त समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा।

बुधवार के उपाय - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बुधवार के उपाय

Budhwar Upay: सप्ताह का बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित है। इस दिन बप्पा की आराधना करना अति उत्तम माना जाता है। इस दिन गणपति जी को मोदक, लड्डू और दुर्वा जरूर अर्पित करें। इसके अलावा बुधवार के दिन इन विशेष उपायों को करने से जीवन की समस्त परेशानियों से भी छुटकारा मिल जाता है। तो आइए आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं कि बुधवार के दिन कौनसे उपायों को करना चाहिए। 

- अगर अपने दांपत्य संबंधों में मधुरता भरना चाहते हैं तो उसके लिए बुधवार के दिन संभव हो तो कहीं से हाथी के पैर के नीचे की मिट्टी या यूं कहें कि जिस स्थान पर हाथी चला हो, उस स्थान की थोड़ी-सी मिट्टी लाकर घर में रखें। लेकिन अगर आपके लिए ऐसा करना संभव न हो तो बुधवार के दिन बाजार से मिट्टी या किसी धातु से बनी हाथी की मूर्ति खरीद कर लाएं और उसे अपने बेडरूम में किसी टेबल आदि पर या किसी शोकेस में रख लें।

- अगर आप किसी मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करना चाहते हैं या फिर अपने ही देश में रहकर किसी विदेशी कम्पनी के लिए पार्ट टाइम जॉब करना चाहते हैं तो बुधवार के दिन शतभिषा नक्षत्र में एक चन्दन की गोली लें और उस गोली को मंदिर में स्थापित करें। अब उस चन्दन की गोली की विधिपूर्वक पूजा करें।इसके बाद आपको राहु स्तुति का पाठ करना है।राहु स्तुति इस प्रकार है- अर्धकायं महावीर्यं चन्द्रादित्य विमर्दनम्। सिहिंका गर्भ सम्भूतं तं राहुं प्रणमाम्यहम ।। इस प्रकार राहु स्तुति का पाठ करने के बाद उस चन्दन की गोली को वहां से उठा लें और एक सफेद रंग के धागे में पिरोकर अपने गले में पहन लें।

- अगर आपको लगता है कि आपके आसपास शत्रुओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और आप खुद को हर वक्त घिरा हुआ सा महसूस करते हैं तो बुधवार के दिन सवा किलो जौ या गेहूं के दाने लीजिये। अब घर की दक्षिण-पश्चिम दिशा के कोने में किसी भारी बोझ के नीचे उन जौ या गेहूं के दानों को अच्छे से दबाकर रख दीजिये और उन्हें अगली बार शतभिषा नक्षत्र आने तक ऐसे ही रखा रहने दीजिये। जब अगली बार शतभिषा नक्षत्र आये तो उन जौ या गेहूं के दानों को वहां से निकालकर किसी धर्मस्थल या मंदिर में दान कर दें।आपको यहां बता दें कि अगली बार शतभिषा नक्षत्र 17 मार्च को पड़ रहा है।

- अगर आप अपने बच्चों के कार्यों की सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं तो उसके लिए बुधवार के दिन थोड़ी-सी मसूर की दाल लें और साथ ही एक रुपये का सिक्का लें। अब मसूर की दाल को सिक्के समेत एक सफेद रंग के कपड़े में बांध दें और उसको अपने बच्चे के हाथ से स्पर्श कराएं। इस प्रकार बच्चे के हाथ से उस पोटली को स्पर्श कराने के बाद उसे किसी सफाई कर्मचारी को गिफ्ट कर दें।

- अगर आपको बिजनेस में उचित मुनाफा नहीं मिल पा रहा है तो बिजनेस में मुनाफा कमाने के लिए बुधवार के दिन अपना भार कराएं और उसका दसवां हिस्सा निकालें। मान लीजिये आपका वजन 50 किलो है तो उसका दस परसेन्ट हुआ 5 किलो। इस प्रकार वजन का दसवां हिस्सा निकालने के बाद उस हिस्से के बराबर कच्चा कोयला लें और उसे बहते जल में प्रवाहित कर दें।

- अगर आपके परिवार की खुशियां कहीं गुम हो गई हैं, तो उन खुशियों को फिर से अपने परिवार के लोगों की जिन्दगी में बिखेरने के लिए बुधवार के दिन एक सफेद चंदन को घिसकर उसका पेस्ट बनाएं और उस चन्दन के पेस्ट से परिवार के सब लोगों के माथे पर चन्दन का टीका लगाएं।

- अगर आप अपने वर्तमान हेल्थ स्टेटस को बेहतर करना चाहते हैं या आपको पेट आदि से संबंधित कोई परेशानी है तो उससे छुटकारा पाने के लिए बुधवार के दिन आपको अपने भार के बराबर जौ या गेहूं तुलवाना चाहिए। अब उसमें से थोड़े से जौ या गेहूं अलग निकालने चाहिए और उन्हें बहते जल में प्रवाहित करना चाहिए। बाकी बचे जौ या गेहूं को किसी मंदिर या धर्मस्थल पर दान कर दें। इसके अलावा बुधवार के दिन आपको घर की रसोई में या घर में जहां पर भी खाना बनता है, वहां बैठकर भोजन करना चाहिए।

- अगर आप नौकरी में अपना मनचाहा प्रमोशन कराना चाहते हैं या किसी अच्छी कम्पनी में नौकरी करना चाहते हैं तो बुधवार के दिन बाजार से सिंघाड़े का आटा लेकर आएं और घर लाकर उसकी रोटियां बनाएं। जब रोटियां बन जाये तो उन पर दो मूली रखकर मंदिर या किसी धर्मस्थल पर दान कर दें। अगर आप स्वयं रोटियां न बना सके, तो घर में किसी और से बनवा लें, लेकिन मंदिर या धर्मस्थल पर देने के लिए आपको स्वयं जाना चाहिए।

- अगर आप किसी मुसीबत में फंसे हुए हैं और आपको उससे बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा है तो बुधवार के दिन आटे का एक चौमुखा दिया बनाएं और उसमें सरसों का तेल भरिये। अब उसमें एक पड़ी हुई बत्ती लगाएं और अपने घर के आंगन में उस दीपक को जलाइए। साथ ही वहीं पर आसन बिछाकर बैठ जायें और राहु के मंत्र का 11 बार जप करें। मंत्र इस प्रकार है- ॐ भ्रां भ्रीं भ्रौं स: राहवे नम:।

- अगर आप कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे हैं या किसी बात को लेकर आपको डिप्रेशन है तो ऐसी स्थिति से बाहर निकलने के लिए बुधवार के दिन स्नान आदि के बाद सबसे पहले अपने ईष्ट देव को प्रणाम करें। उसके बाद चन्दन की खुशबू वाली एक धूप बत्ती अपने घर के मंदिर में जलाएं और कुछ देर हाथ जोड़कर वहीं पर खड़े रहें।

- अगर आप अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर कुछ दिनों से परेशान चल रहे हैं तो इस समस्या का समाधान निकालने के लिए बुधवार के दिन घर के सब सदस्यों को एक एक कच्चा नारियल दें और 10 मिनट बाद उनसे वो नारियल वापस ले लें। अब उन सारे नारियल को अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए प्रार्थना करते हुए किसी बहते जल के स्त्रोत में प्रवाहित कर दें।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

यह भी पढ़ें:

Panchak February 2026: आज से शुरू हो चुका है पंचक, जानिए अगले पांच दिनों तक क्या-क्या काम नहीं करना चाहिए

Phulera Dooj 2026: फुलेरा दूज 2026 की सही डेट क्या है? जानिए 18 या 19 फरवरी में कब पड़ेगी द्वितीया तिथि और क्या है इसका महत्व

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement