1. Hindi News
  2. धर्म
  3. विराट कोहली की तरह क्या आपका मूलांक भी है 5? जानें क्या होती हैं इस अंक वालों की खूबियां

विराट कोहली की तरह क्या आपका मूलांक भी है 5? जानें क्या होती हैं इस अंक वालों की खूबियां

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Jun 04, 2025 03:29 pm IST,  Updated : Jun 04, 2025 04:00 pm IST

अंक ज्योतिष में हर मूलांक की अपनी अलग विशेषता बताई गई है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि मूलांक 5 वाले लोग कैसे होते हैं और इनमें क्या खूबियां देखने को मिलती हैं।

मूलांक 5- India TV Hindi
मूलांक 5 Image Source : SOCIAL

Numerology: मूलांक 5 वाले लोगों का स्वामी ग्रह बुध होता है। किसी भी माह की 5, 14 और 23 तारीख को जिन लोगों का जन्म होता है उन सबका मूलांक 5 ही होता है। ज्ञान, बुद्धि, तार्किकता और कारोबार के कारक ग्रह बुध इनके स्वामी होते हैं इसलिए बौद्धिक रूप से इनको अच्छा माना जाता है। भारत के क्रिकेट स्टार विराट कोहली का मूलांक भी 5 ही है क्योंकि इनके जन्म की तारीख 5 नवंबर है। आइए अब विस्तार से जान लेते हैं कि मूलांक 5 वाले लोग करियर, पारिवारिक जीवन और सामाजिक स्तर पर कैसे होते हैं। 

स्वभाव

मूलांक 5 वाले लोग खुशमिजाज माने जाते हैं किसी भी स्थिति के बारे में ये बहुत अधिक चिंतित नहीं होते। इनमें बोलने की अच्छी कला होती है इसलिए लोग इनके करीब आना चाहते हैं। हालांकि गुस्सा और चंचलता इनके स्वभाव के नकारात्मक पक्षों में से एक हैं। कभी-कभी ये बहुत अधिक बातूनी आपको महसूस हो सकते हैं। हालांकि, जिन लोगों के ये करीब होते हैं उनके साथ हमेशा अच्छा व्यवहार करते हैं और खुलकर अपनी बातें रखते हैं। इस मूलांक वाले ना ज्यादा देर तक खुश रहते हैं और ना ही बहुत देर तक दुखी होते हैं। 

पारिवारिक जीवन 

पारिवारिक जीवन में मूलांक 5 वाले अच्छी भूमिका निभाते हैं, अपने दायित्वों को ये समझते हैं। हालांकि, कई बार अपने मनमौजी स्वभाव के कारण ये परिवार के लोगों से दूरी भी बना सकते हैं। घर के लोग इनके बारे में यह राय बना सकते हैं कि ये उनका ख्याल नहीं रखते, लेकिन ऐसा होता नहीं है। ये भले ही दुनिया के माया जाल में फंसे हों लेकिन अपने परिवार की फिक्र इनको हमेशा रहती है। 

प्रेम जीवन

प्रेम संबंधों को लेकर मूलांक 5 वाले थोड़े दिलफेंक हो सकते हैं। रिश्ते में होते हुए भी ये किसी और के प्रति आकर्षित हो सकते हैं। यही वजह है कि शादी के बंधन में बंधने से पहले कई प्रेम संबंध इनके हो सकते हैं। हालांकि, जब ये शादी के बंधन में बंध जाते हैं तो पूरी तरह से अपने साथी का साथ निभाते हैं। अपने लव पार्टनर को ये हर खुशी देने की कोशिश करते हैं और अपनी बातों से उनका मन भी मोह लेते हैं। 

Moolank 5
Image Source : INDIA TVमूलांक 5

सामाजिक जीवन 

सामाजिक स्तर पर मूलांक 5 वालों को ख्याति प्राप्त होती है। अपने मुखर अंदाज से ये लोगों के बीच ख्याति प्राप्त करते हैं। इनकी बातों को लोगों के द्वारा गौर से सुना जाता है। बुध के प्रभाव के कारण इनकी बातों में तर्क भी होता है और सत्य भी। हालांकि कई बार बहुत अधिक वार्तालाप के कारण ये विश्वसनीयता खो सकते हैं। इस राशि के लोग जब अच्छे ओहदे पर पहुंचते हैं तो समाज में अच्छे परिवर्तन लाने की कोशिश भी करते हैं।  

करियर

बुध के प्रभाव के कारण मूलांक 5 वालों को करियर के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिलती है। इस मूलांक वाले लोग अच्छे लीडर भी माने जाते हैं और मैनेजमेंट का गुण इनके पास बचपन से ही होता है। जज, वकील, पब्लिक रिलेशन, शिक्षा, पत्रकारिता, ज्योतिष, खेलकूद, चिकित्सा आदि के क्षेत्रों में इस मूलांक वालों को जबरदस्त सफलता मिलने की संभावना रहती है। इसके साथ ही राजनीति में भी ये अच्छे मुकाम पर पहुंच सकते हैं। 

स्वास्थ्य

मूलांक 5 वाले सेहत को लेकर सतर्क तो रहते हैं लेकिन इस मूलांक वाले बहुत कम ही लोग आपको सेहत पर ध्यान देने वाले दिखेंगे। अक्सर बौद्धिक कार्यों को करने में ये अपना समय बिता देते हैं। इनको अनिद्रा, बदहजमी, सिरदर्द जैसी स्वास्थ्य समस्याएं अक्सर हो सकती हैं। वहीं नाक, गेल और आंखों से जुड़े रोग भी इनको परेशान कर सकते हैं। हालांकि, ये पर्याप्त व्यायाम या योग करें तो सेहत को दुरुस्त बनाए रख सकते हैं। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें- 

इन 5 राशियों के लिए जून का महीना होगा यादगार. करियर में आएंगे बड़े बदलाव; पैसों से भरी रहेगी तिजोरी

Grah Gochar June 2025: सूर्य और मंगल समेत ये 4 ग्रह जून में बदलेंगे चाल, जानें किन राशियों के लिए शुभ और किस के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा यह महीना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।