1. Hindi News
  2. धर्म
  3. 11 सितंबर को ग्रहण और अमावस्या दोष से बढ़ सकती हैं 3 राशियों की मुश्किलें, जल्दबाजी में न लें कोई भी फैसला

11 सितंबर को ग्रहण और अमावस्या दोष से बढ़ सकती हैं 3 राशियों की मुश्किलें, जल्दबाजी में न लें कोई भी फैसला

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Sep 09, 2026 04:19 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 04:19 pm IST

सितंबर 11 तारीख को सिंह राशि में ग्रहण दोष रहेगा साथ ही सूर्य-चंद्रमा की युति से अमावस्या दोष भी इस दिन बना रहेगा। ऐसे में राशिचक्र की 3 राशियों को इस दिन बेहद संभलकर रहना होगा। आइए जानते हैं इन राशियों के बारे में।

Amavasya Or Grahan Dosh- India TV Hindi
अमावस्या और ग्रहण दोष Image Source : PEXELS

सितंबर के महीने में 11 तारीख को सिंह राशि में सूर्य, चंद्रमा और केतु त्रिग्रही योग में रहेंगे। सूर्य और केतु की युति के चलते जहां सिंह राशि में ग्रहण दोष बनेगा वहीं सूर्य-चंद्रमा की युति के कारण अमावस्या योग विराजमान होगा। इसके साथ ही 11 सितंबर को ही भाद्रपद माह की अमावस्या तिथि भी इसी दिन है। ऐसे में 11 सितंबर के दिन कुछ राशियों को आर्थिक, पारिवारिक और करियर से जुड़े मामलों को लेकर सतर्कता बरतनी होगी। आज हम आपको इन्हीं राशियों के बारे में जानकारी देंगे। 

सिंह राशि 

सिंह राशि वालों आपके प्रथम भाव में ही ग्रहण और अमावस्या दोष 11 सितंबर को भाद्रपद अमावस्या के दिन रहेगा। इसलिए आपको आर्थिक मामलों को लेकर बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता होगी। इसके साथ ही करियर से जुड़ा कोई भी बड़ा फैसला लेने से आपको बचना चाहिए। अगर निवेश करने का विचार बना रहे हैं तो थोड़ा रुक जाएं और अनुभवी लोगों से सलाह मशवरा करके आगे बढ़ें। पारिवारिक जीवन में भी संभलकर रहने की आपको सलाह दी जाती है, वाद-विवाद करने से आपको बचना चाहिए। उपाय के तौर पर आपको भगवान शिव की पूजा करनी चाहिए। 

कन्या राशि 

आपके द्वादश भाव में ग्रहण और अमावस्या दोष का निर्माण होगा। इसलिए शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना आपको करना पड़ सकता है, अपना ख्याल रखें और तनाव को खुद पर हावी न होनें दें।ध्यान करने से आपको लाभ मिल सकता है। कार्यक्षेत्र में होने वाली राजनीति से आपको दूर रहना होगा नहीं तो मानहानि हो सकती है। कारोबारियों को कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले सोच-विचार कर लेना चाहिए। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में जल्दबाजी करना आपके लिए भारी पड़ सकता है। कन्या राशि के जातकों को शुभ फल प्राप्त करने के लिए भगवान गणेश की आराधना करनी चाहिए। 

मीन राशि 

ग्रहण और अमावस्या दोष के चलते आपका शत्रु पक्ष सक्रिय हो सकता है। किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा न करें। पारिवारिक जीवन में भी उतार-चढ़ाव का सामना इस राशि के कुछ जातकों को करना पड़ सकता है। वाणी पर नियंत्रण आपको रखना होगा। बड़े-बुजुर्गों के साथ बात करते समय मर्यादा को न लांघें। गलत संगति से जितना दूर रहेंगे उतना आपके लिए अच्छा होगा। चल या अचल संपत्ति से जुड़ा कोई भी बड़ा फैसला घर वालों की अनुमति के बिना न लें वरना बुरी स्थिति में फंस सकते हैं। अधिक काम के कारण कुछ लोगों को मानसिक परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है। उपाय के तौर पर मीन वालों को भगवान विष्णु के मंत्रों का जप करना चाहिए। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

अंकज्योतिष: मूलांक 6 वालों पर मेहरबान रहते हैं धनदाता शुक्र, जानें किन क्षेत्रों में करियर बनाकर कमाते हैं खूब पैसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।