1. Hindi News
  2. धर्म
  3. भारत में इन स्थानों पर नहीं मनाई जाती होली, कारण जान हो जाएंगे हैरान

भारत में इन स्थानों पर नहीं मनाई जाती होली, कारण जान हो जाएंगे हैरान

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Mar 01, 2025 02:19 pm IST,  Updated : Mar 01, 2025 02:19 pm IST

भारत में कुछ ऐसे स्थान भी हैं जहां होली का त्योहार नहीं मनाया जाता। आज हम आपको इन्हीं स्थानों की जानकारी अपने इस लेख में देंगे।

Holi 2025- India TV Hindi
होली 2025 Image Source : SOCIAL

रंगों का उत्सव होली हर किसी के मन में उमंग भरता है। कहा जाता है कि होली के दिन दुश्मन भी दोस्त बन जाते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी होली के रंगों में सराबोर होते हैं। वहीं भारत में कुछ स्थान ऐसे भी हैं जहां होली का त्योहार नहीं मनाया जाता। होली न मनाने के पीछे यहां के लोग कुछ वजहें भी बताते हैं। 14 मार्च 2025 को जब पूरे देश होली का त्योहार मना रहा होगा, तब इन जगहों पर होली के रंग नहीं दिखेंगे। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में और उन कारणों के बारे में जिनके चलते यहां होली नहीं मनाई जाती। 

उत्तराखंड में इन जगहों पर नहीं मनाते होली

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में दो गांव हैं खुरजान और क्विली। इन दोनों गांवों में 150 से भी अधिक सालों से होली नहीं खेली गई है। इन गांव के लोगों के मानना है कि इनकी कुल देवी को शोर-शराबा पसंद नहीं हैं। यहां के लोग मानते हैं कि अगर ये होली का त्योहार मनाएंगे तो देवी उनसे नाराज हो जाएंगी और इसके कारण गांव में दुख-विपदा आ सकती है। 

गुजरात में यहां नहीं मनाई जाती होली

गुजरात में रामसन नाम की एक जगह है जहां 200 से अधिक सालों से होली का त्योहार नहीं मनाया गया है। यहां के लोगों का मानना है कि अपने जीवनकाल के दौरान श्रीराम इस स्थान पर भी आए थे इसलिए इसका नाम रामसन है जिसे रामेश्वर के नाम से भी जाना जाता है। यहां होली न मनाने के पीछे 2 मुख्य कारण हैं। माना जाता है कि 200 साल पहले होलिका दहन के दौरान इस गांव में आग लग गई थी और कई घर जल गए थे जिसके कारण लोगों ने तब से होली मनाना बंद कर दिया। यह भी माना जाता है कि साधु संत इस गांव के लोगों से किसी वजह से नाराज हो गए थे और उन्होंने श्राप दिया था कि अगर इस गांव में होलिका दहन होगा तो पूरे गांव में आग लग जाएगी। तब से यहां के लोगों ने होलिका दहन करना और होली खेलना बंद कर दिया। 

झारखंड में यहां नहीं होता होली का त्योहार

झारखंड दुर्गापुर नामक एक गांव है, यहां लगभग 100 सालों से होली नहीं खेली गई है। मान्यता है कि यहां के राजा के बेटे की मृत्यु होली के दिन हो गई थी और उसके अगले साल राजा भी होली के दिन चल बसे। अंतिम सांसे लेते हुए राजा ने गांव के लोगों से कहा कि गांव के लोगों को होली नहीं मनाई चाहिए, इसके बाद से ही इस गांव के लोगों ने होली मनानी बंद कर दी। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें:

Shukra Vakri: शुक्र 2 मार्च से चलेंगे वक्री चाल, डगमगा सकता है इन 3 राशियों का आर्थिक पक्ष

Numerology Predictions: इस मूलांक वालों को नहीं रहती कभी धन की कमी, मां लक्ष्मी का रहता सदा इनपर हाथ; पर इस मामले में होते हैं कच्चे

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।