Kharmas Upay: 15 दिसंबर 2024 से खरमास की शुरुआत हो चुकी है। माना जाता है कि, खरमास के दौरान सूर्य के तेज में कमी आ जाती है। इसीलिए खरमास के दौरान शुभ-मांगलिक कार्यों को करने की मनाही होती है। मान्यताओं के अनुसार, शुभ कार्य करते समय सूर्य का प्रबल होना आवश्यक है। लेकिन खरमास के दौरान सूर्य के तेज में कमी आ जाती है। हालांकि खरमास एक ऐसी अवधि भी है जिसमें धार्मिक उपाय करने से कई तरह के लाभ प्राप्त हो सकते हैं। इस दौरान वैवाहिक और पारिवारिक जीवन में सुख शांति लाने के कई उपाय हैं। इन्हीं उपायों में से कुछ के बारे में आज हम आपको अपने इस लेख में जानकारी देंगे। इन उपायों को पति-पत्नी को मिलकर करना चाहिए।
सूर्य को दें अर्घ्य
खरमास के दौरान सूर्य देव को जल का अर्घ्य देना बहुत उत्तम होता है। अगर संभव हो तो तांबे के लोटे से अर्घ्य दें। इस उपाय को करने से कुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत होती है। इसके साथ ही सेहत से जुड़ी कई परेशानियों का भी अंत होता है। पारिवारिक जीवन में भी इस उपाय को करने से आपको लाभ प्राप्त हो सकते हैं।
यह उपाय वैवाहिक और प्रेम जीवन में लाएगा संतुलन
अगर आपको वैवाहिक जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, या फिर प्रेम जीवन ठीक नहीं चल रहा, तो खरमास में गुरुवार या शुक्रवार के दिन आपके एक आसान सा उपाय करना है। आपको मिट्टी के एक दीये में कपूर के दो टुकड़े जलाने हैं और इसका धुआं पूरे घर में फैलाना है। ऐसा करने से घर में मौजूद नकारात्मकता दूर होती है और साथ ही वैवाहिक जीवन में आपको अच्छे परिणाम मिलने लग जाते हैं। पति-पत्नी के बीच में आ रहे मतभेद भी इस उपाय को करने से दूर होते हैं। हालांकि, पति-पत्नी को मिलकर इस उपाय को करना चाहिए।
खरमास में ऐसे करें तुलसी पूजन
तुलसी को हिंदू धर्म में बेहद पवित्र माना गया है। खरमास के दौरान भी आपको तुलसी की पूजा अवश्य करनी चाहिए और साथ ही 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः' मंत्र का जप करना चाहिए। इस आसान से उपाय को करने से आपको खरमास के दौरान बेहद अच्छे परिमाम मिल सकते हैं। ऐसा करना आर्थिक रूप से आपको संपन्न बनाता है, साथ ही परिवार में खुशियां आती हैं। यह उपाय वैवाहिक और प्रेम जीवन की परेशानियों को दूर करने वाला भी माना गया है।
खरमास में करें इन मंत्रों का जप
खरमास के दौरान आपको मंत्र जप करने से भी शुभ फल प्राप्त होते हैं। नीचे दिए गए मंत्रों में से कुछ मंत्रों का जप भी अगर आप दिन में एक बार कर लेते हैं, तो जीवन की कई परेशानियों से आपको छुटकारा मिल सकता है।
- ॐ तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्।
- ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम् उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्।
- ॐ श्रीं ह्रीं पूर्ण गृहस्थ सुख सिद्धये ह्रीं श्रीं ॐ नमः।
- ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें-