1. Hindi News
  2. धर्म
  3. कलयुग में पुरी धाम के जलमग्न होने के बाद इस मंदिर में प्रकट होंगे भगवान जगन्नाथ, अभी भक्त नहीं कर सकते सीधे दर्शन

कलयुग में पुरी धाम के जलमग्न होने के बाद इस मंदिर में प्रकट होंगे भगवान जगन्नाथ, अभी भक्त नहीं कर सकते सीधे दर्शन

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Jun 26, 2025 02:20 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 02:20 pm IST

जगन्नाथ पुरी धाम को लेकर कहा जाता है कि कलयुग जब चरम पर होगा तो यह धाम डूब जाएगा। तब भगवान जगन्नाथ जिस मंदिर में प्रकट होंगे उसके बारे में आज हम आपको जानकारी देने जा रहे हैं।

Chatiya Bat Mandir- India TV Hindi
छतिया बट मंदिर Image Source : SOCIAL

ओडिशा में जगन्नाथ पुरी धाम के साथ ही एक और मंदिर प्रसिद्ध है, जिसका नाम है छतिया बट मंदिर। ओडिशा के भुवनेश्वर से लगभग 70 किलोमीटर दूर जाजपुर जिले के एक छोटे से गाँव छतिया में यह अनोखा मंदिर है। यह मंदिर भगवान विष्णु के दसवें अवतार कल्कि भगवान को समर्पित है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार भगवान कल्कि का जन्म भविष्य में होगा। छतिया बट मंदिर भविष्य में अवतरित होने वाले भगवान कल्कि को समर्पित है, इसी वजह से यह बाकी मंदिरों से बिलकुल अलग और खास माना जाता है।

भगवान जगन्नाथ से है इस मंदिर का संबंध

यह मंदिर वैष्णव परंपरा और भगवान जगन्नाथ से जुड़ा हुआ है। यहां पर मां काली, श्री गणेश, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी की मूर्तियाँ विराजमान हैं। लेकिन एक खास बात ये है कि पुरी के जगन्नाथ मंदिर में मूर्तियों की जो व्यवस्था होती है यानी भगवान जगन्नाथ और प्रभु बलभद्र के बीच में उनकी बहन सुभद्रा, वह इस मंदिर में नहीं है। छतिया बट मंदिर में सुभद्रा को सबसे अंत में रखा गया है, इसे एक नए युग की शुरुआत के संकेत के रूप में देखा जाता है।

यह मंदिर 15वीं शताब्दी के प्रसिद्ध ओड़िया संत अच्युतानंद दास(भविष्य मालिका के लेखक) की भविष्यवाणियों से भी जुड़ा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कलयुग में पुरी का श्री मंदिर जलमग्न हो जाएगा और भगवान जगन्नाथ पुरी के अपने मंदिर को छोड़ कर कल्कि अवतार के रूप में अपने भाई-बहन के साथ छतिया बट मंदिर में प्रकट होंगे। माना जाता है कि यहीं से कलयुग का अंत होगा और सतयुग की शुरुआत होगी।

प्रतिमाओं के दर्शन की अनोखी परंपरा

छतिया बट मंदिर में रखी प्रतिमाओं के दर्शन करने की परंपरा भी अनोखी है। जिस तरह बाकी मंदिरों में भगवान की मूर्ति के दर्शन सामने से किए जाते हैं यहां वैसा नहीं होता। यहां भगवान की प्रतिमाओं को आईने में देख कर उनके दर्शन करने की परंपरा है। यानि भक्त भगवान के सीधे दर्शन नहीं कर सकते। यहां भगवान जगन्नाथ घोड़े पर सवार हैं और उनके हाथों में तलवार भी दिखाई देती है जो दिन पर दिन लंबी होती जा रही है। धार्मिक मत के अनुसार जिस दिन इस तलवार की लंबाई 12 हाथ के बराबर हो जाएगी उस दिन कलयुग का अंत हो जाएगा। साथ ही भगवान कल्कि भी इस दौरान अवतार लेंगे। 

यहां भगवान कल्कि होंगे प्रकट

ऐसी मान्यता है कि भविष्य में भगवान कल्कि छतिया गाँव में प्रकट होंगे, और यही वजह है कि छतिया का यह मंदिर इतना प्रसिद्ध और खास है। इसी कारण से इस मंदिर का निर्माण कार्य भी कभी बंद नहीं होता। हर दिन कुछ न कुछ निर्माण इस मंदिर में चलता ही रहता है। माना जाता है कि मंदिर तब तक पूरा नहीं होगा जब तक भगवान कल्कि खुद उसमें विराजमान न हो जाएं। यही वजह है कि भक्त इस मंदिर में दिल खोलकर दान भी करते हैं।  छतिया बट मंदिर रथ यात्रा के लिए भी मशहूर है, जिसमें मंदिर के तीन मुख्य देवताओं को भव्य रथों पर बैठाकर यात्रा निकाली जाती है, जैसे पुरी में होता है।

(इनपुट- शुभम कुमार)

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।