हस्तरेखा शास्त्र और सामुद्रिक शास्त्र में जिस तरह हथेली पर बनी रेखाओं, चिह्नों, हथेली की बनावट और पर्वतों से भविष्यवाणी की जाती है ठीक उसी तरह हथेली की गहराई से भी काफी कुछ जानकारियां प्राप्त होती हैं। हथेली की गहराई मुख्य रूप से आर्थिक और मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी देती है। इसके साथ ही व्यक्ति के व्यवहार के कुछ पहलुओं का पता भी हथेली से चल सकता है। आज इसी के बारे में हम आपको विस्तार से जानकारी देंगे।
हथेली की गहराई से क्या पता चलता है?
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार हथेली अगर गहरी है और इसमें पानी डालने पर पानी आसानी से ठहर जाता है तो यह शुभ संकेत होता है। हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार ऐसे लोग धन को संचित करने में माहिर होते हैं। ऐसे लोग आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों में जन्म लेने के बाद भी भविष्य में धनी हो सकते हैं। जिन लोगों की हथेली गहरी होती है उनकी एक खास बात यह भी है कि पैसा मेहनत से आए चाहे किस्मत से उसे व्यर्थ ये कभी खर्च नहीं करते, हमेशा अच्छा बजट बनाकर धन खर्च करना इनकी आदत होती है। मानसिक रूप से ऐसे लोग स्पष्ट होते हैं इसलिए सही प्लानिंग भविष्य को लेकर बना पाते हैं।
कैसा होता है ऐसे लोगों का स्वभाव?
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार जिन लोगों की हथेली गहरी होती है उनका स्वभाव रहस्यमयी हो सकता है। ऐसे लोग ज्यादातर अपनी बातों को गुप्त रखते हैं और आसानी से किसी के साथ घुलते-मिलते नहीं हैं। हालांकि, जिन लोगों के साथ ये दिल से जुड़ जाएं उनका पूरा साथ निभाते हैं। अक्सर ऐसे लोग गंभीर और अनुशासित आपको नजर आ सकते हैं।
कठोर हाथ और गहरी हथेली
अगर आपके हाथ में गहराई है और पानी इसमें ठहरता है लेकिन हाथ कठोर है तो संघर्षों के बाद ही आपको सफलता प्राप्त हो सकती है। ऐसे लोगों को निर्णय लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मेहनत करने के मामले में ऐसे लोग कभी पीछे नहीं होते। ऐसे लोग 30 की आयु पार करने के बाद सफल हो सकते हैं।
मुलायम हाथ और गहरी हथेली
अगर आपका हाथ मुलायम है, इसका रंग गुलाबी है और साथ ही हथेली में गहराई भी है तो यह शुभ संकेत माना जाता है। इसका अर्थ है कि व्यक्ति को जीवन में आर्थिक उन्नति कम प्रयासों के बाद भी मिल सकती है। ऐसे लोगों की निर्णय लेने की क्षमता अच्छी हो सकती है। बौद्धिक रूप से काफी सक्रिय ऐसे लोग होते हैं और ज्यादातर तार्किक, तकनीकी, प्रशासिनक, रचनात्मक कार्यों में सफल होते हैं।
नकारात्मक पक्ष
गहरी हथेली होने के कई सकारात्मक पक्ष हैं लेकिन साथ ही कुछ नकारात्मक संकेत भी गहरी हथेली देती है। गहरी हथेली वाले लोग आसानी से किसी पर विश्वास नहीं करते, यहां तक की अपने परिवार के लोगों को लेकर भी संशय में ये हो सकते हैं। ऐसे लोग धन को संचित करने में इतना अधिक व्यस्त हो जाते हैं कि अक्सर इनकी सेहत खराब हो जाती है। इसलिए दूसरों पर विश्वास और अपनी सेहत का ख्याल रखना इन लोगों को सीखना चाहिए।
आपने इस लेख में जाना कि हथेली की गहराई मुख्य रूप से आपके आर्थिक पक्ष के बारे में जानकारी देती है। अगर आप जानना चाहते हैं कि हथेली के किन चिह्नों से सरकारी नौकरी और ऊंचा पद मिलने का संकेत मिलता है तो इस बारे में हमारी वेबसाइट पर विस्तार से लेख पढ़ सकते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
क्या उंगलियों को मिलाने के बाद भी नजर आता है गैप? हस्तरेखा शास्त्र से जानें क्या होता है इसका मतलब