Shukrawar Ke Upay: शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी को पूजा करना बेहद शुभ माना जाता है, जो धन-धान्य और वैभव की देवी हैं। वहीं, नवग्रहों में यह दिन शुक्र को समर्पित है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शुक्र ग्रह प्रेम और पारिवारिक जीवन में सुखों का कारक माना जाता है। व्यक्ति को सुख से रहने के लिए जीवन में शांति, समृद्धि और पारिवारिक सौहार्द बहुत महत्वपूर्ण होता है। इसके लिए वार अनुसार शास्त्रों में कुछ उपाय गए हैं। ऐसे ही शुक्रवार के दिन बताए गए कुछ सरल उपाय न केवल हमारे घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाते हैं, बल्कि बच्चों, परिवार और समाज के साथ हमारे रिश्तों को भी मजबूत बनाते हैं। आइए जानते हैं शुक्रवार के दिन किए जाने वाले उपायों के बारे में।
शुक्रवार को करें ये आसान और असरदार उपाय
- अपने बच्चों के और अपने बीच में समरसता बनाए रखने के लिए आज के दिन अपने बच्चों के हाथों उनकी मनपसंद कोई 32 चीजें जरूरतमंद को दान कराएं। ये 32 चीजें कुछ भी हो सकती हैं- कोई मिठाई, फल, कपड़े, स्टेशनरी का सामान इत्यादि। जरूरी नहीं है कि एक ही चीज को 32 की गिनती में लेना है। आप अलग-अलग चीजों को मिलाकर भी 32 की गिनती पूरी कर सकते हैं। साथ ही आप ये 32 चीजें चाहें तो किसी एक को भी दे सकते हैं और चाहें तो अलग-अलग लोगों को भी अपने बच्चे के हाथ से दिलवा सकते हैं।
- अगर आपकी कोई इच्छा बहुत दिनों से किसी कारणवश पूरी नहीं हो पा रही है, तो आज के दिन 51 कागज की पर्चियां बनाएं और उन सब पर लाल पेन से ‘श्री’ लिखें। हर पर्ची पर श्री लिखते समय अपनी इच्छा मन में दोहराएं। अब इन पर्चियों को इकट्ठा करके एक कपड़े में बांध लें और भगवान विष्णु के मन्दिर में जाकर चढ़ा दें। आपकी इच्छा को जल्दी ही वास्तविक रूप मिलेगा।
- अगर आप चाहते हैं कि आपके घर की तिजोरियां हमेशा धन से भरी रहें और आपके ऊपर मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहे, तो इसके लिए आज के दिन आपको स्नान आदि के बाद एक कटोरी में थोड़ी-सी हल्दी लेनी चाहिए और उसे पानी की सहायता से घोलना चाहिए। अब इस हल्दी से अपने घर के बाहर मेन गेट के दोनों तरफ पहले जमीन पर छोटे-छोटे पैर के चिन्ह बनाएं। फिर गेट के दोनों तरफ दिवार पर एक-एक स्वास्तिक का चिन्ह बनाएं और देवी लक्ष्मी का ध्यान करें।
- अगर आप चाहते हैं कि आपकी बढ़ती हुई तरक्की को किसी की नजर न लगे, तो इसके लिये इस दिन कोई नमकीन चीज, जिसमें नमक डला हो, गाय को खिला दें। आपकी तरक्की को कोई नहीं रोक सकता।
- अपने जीवन की खुशियों का विस्तार करने के लिये एक कच्चा नारियल लें और उस पर स्वास्तिक बनाकर श्री विष्णु को अर्पित कर दें। नारियल चढ़ाने के तुरंत बाद ही उसे तोड़कर परिवार के सब सदस्यों में बांट दें।
- आपके घर में नकारात्मक शक्तियां का आगमन न हो, इसके लिये इस दिन सुबह के समय ही हल्दी में पानी डालकर उसके पेस्ट से घर के मुख्य द्वार के दोनों तरफ स्वास्तिक का चिह्न बनाएं।
- अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिये इस दिन आटे को भूनकर उसमें शक्कर मिलाकर अपनी इच्छानुसार हवन करना चाहिए। हवन शुरू करने से पहले ही आप हवन का संकल्प कर लीजिये और उसी के अनुसार हवन कीजिये। हवन के बाद छोटी कन्याओं को भोजन भी कराना चाहिए। अगर आप हवन कराने में असमर्थ हैं तो आटे की रोटी का चूरमा बनाकर श्री विष्णु को भोग लगाएं और भोग लगाने के बाद उसे छोटी कन्याओं में बांट दें।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)