साल 2026 का अंतिम सूर्य ग्रहण कर्क राशि में लगने जा रहा है। भारतीय समय के अनुसार यह ग्रहण 12 अगस्त की रात्रि 9 बजकर 4 मिनट पर शुरू होगा और रात्रि 1 बजकर 28 मिनट पर समाप्त होगा। कर्क राशि में लगने वाले इस ग्रहण के चलते दो राशियों कन्या और वृश्चिक को बेहद सतर्कता बरतनी होगी। इनके जीवन में उतार-चढ़ाव सूर्य ग्रहण के चलते आ सकते हैं। साथ ही आर्थिक और करियर क्षेत्र को लेकर भी इन्हें सावधानी बरतनी होगी। खासकर 17 अगस्त तक कोई भी बड़ा फैसला इन्हें नहीं लेना चाहिए। 17 तारीख के बाद जब सूर्य राशि परिवर्तन कर देंगे तो इनके जीवन में अच्छे बदलाव आ सकते हैं। आइए विस्तार से जान लेते हैं इन राशियों पर सूर्य ग्रहण का कैसा प्रभाव पड़ेगा और क्या उपाय इन्हें करने चाहिए।
कन्या राशि
साल का अंतिम सूर्य ग्रहण आपकी राशि से एकादश भाव में लगेगा। यह भाव लाभ, बड़े भाई-बहनों, आमदनी आदि का कारक माना जाता है। इसलिए सूर्य ग्रहण और इसके कुछ दिनों के बाद तक आपको सतर्क रहने की आवश्यकता होगी। आपके खर्च बढ़ सकते हैं जिसके चलते आर्थिक स्थिति डगमगा सकती है। कड़ी मेहनत के बाद भी लाभ प्राप्ति में दिक्कतों का सामना आपको करना पड़ सकता है। रोजगार की तलाश में लगे इस राशि के जातकों को प्रयास बढ़ाने होंगे। कारोबारियों की कोई डील अटक सकती है जिसके कारण निराश हो सकते हैं, हालांकि आपको धैर्य बनाए रखना होगा स्थितियां सकारात्मक मोड़ भी अवश्य ले सकती हैं। उपाय के तौर पर कन्या राशि के जातकों को आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करना चाहिए।
वृश्चिक राशि
सूर्य ग्रहण आपकी राशि से नवम भाव में लगेगा यह भाव भाग्य और उच्च शिक्षा का कारक माना जाता है। इस भाव में सूर्य ग्रहण के चलते आपको कड़ी मेहनत के बाद ही सफलता मिलेगी, भाग्य के सहारे आपको नहीं बैठना चाहिए। करियर क्षेत्र से जुड़ा कोई भी फैसला बिना सोच-विचार के न लें वरना पछताना पड़ सकता है। इस राशि के विद्यार्थियों को भी सतर्कता बरतनी होगी, एकाग्रता की कमी देखने को मिल सकती है। सूर्य ग्रहण के चलते पैतृक कारोबार करने वालों को भी नुकसान हो सकता है, इसलिए संभलकर आगे बढ़ें। उपाय के तौर पर वृश्चिक वालों को सूर्य ग्रह के मंत्रों का जप करने चाहिए।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें:
सूर्य ग्रहण में क्या करें और क्या ना करें, ग्रहण काल में इन बातों का रखें खास ध्यान