1. Hindi News
  2. धर्म
  3. 29 मार्च को मीन राशि में 6 ग्रह होंगे एक साथ, बनेंगे कई ज्योतिषीय योग, ये राशियां रहें सावधान

29 मार्च को मीन राशि में 6 ग्रह होंगे एक साथ, बनेंगे कई ज्योतिषीय योग, ये राशियां रहें सावधान

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Mar 22, 2025 07:36 am IST,  Updated : Mar 22, 2025 07:36 am IST

मार्च के महीने में 29 तारीख को शनि के मीन राशि में जाते ही 6 ग्रह मीन राशि में एक साथ होंगे। इसका किन राशियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, आइए जानते हैं।

Astrolgoy- India TV Hindi
ज्योतिष Image Source : FREEPIK

ज्योतिषीय दृष्टि से 29 मार्च का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। इस दिन कई ज्योतिषीय घटनाएं होंगी। गुरु की राशि मीन में इस दिन 6 ग्रह एक साथ होंगे वहीं इसी दिन सूर्य ग्रहण भी लगेगा। ढाई साल के बाद शनि ग्रह भी कुंभ राशि से मीन राशि में 29 मार्च को गोचर करेंगे। मीन राशि में होने वाली ग्रहों की महासभा से कई शुभ-अशुभ योग भी इस दिन बनेंगे। आइए ऐसे में जान लेते हैं कि 29 मार्च के दिन कौन से योग बनने जा रहे हैं और किन 6 ग्रहों की महायुति इस दिन मीन राशि में होगी। 

ये 6 ग्रह 29 मार्च को होंगे मीन राशि में एक साथ 

ग्रहों के राजा सूर्य के साथ शुक्र, बुध, चंद्रमा, राहु 29 मार्च को मीन राशि में होंगे। वहीं रात के समय शनि भी मीन राशि में गोचर कर जाएंगे और 6 ग्रहों की महायुति बनेगी। ऐसा संयोग वर्षों में एक बार होता है। 

29 मार्च को बनने वाले योग और इनका शुभ-अशुभ प्रभाव

पिशाच योग- शनि राहु की युति होने से मीन राशि में पिशाच योग का निर्माण होगा। इस योग के बनने से भय, रोग और धन हानि हो सकती है। 

  • लंपट योग- राहु और शुक्र की युति से मीन राशि में लंपट योग बना हुआ है वहीं इसी राशि में सूर्य ग्रहण लगने और शनि के गोचर होने से इस योग का प्रभाव और भी घातक हो सकता है। लंपट योग के चलते विवाह और प्रेम जीवन में परेशानियां आती हैं। 
  • शुक्रादित्य योग- मीन राशि में शुक्र और सूर्य एक साथ होंगे जिससे शुक्रादित्य योग का निर्माण होगा। इस योग के बनने से कुछ राशियों को शुभ तो कुछ को अशुभ परिणाम मिल सकते हैं। 
  • बुधादित्य योग- सूर्य और बुध की युति से मीन राशि में बुधादित्य योग भी बना रहेगा। इस योग के चलते कुछ लोगों को जीवन में शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। 
  • अमावस्या योग- 29 मार्च को सूर्य और चंद्रमा के मीन राशि में होने से अमावस्या योग का निर्माण होगा। इस योग में दान-पुण्य और पवित्र नदियों में स्नान करना शुभ माना जाता है। 
  • ग्रहण योग- यह योग तब बनता है जब एक ही राशि में सूर्य और राहु की युति होती है। 29 मार्च को मीन राशि में सूर्य और राहु एक साथ होंगे इसलिए ग्रहण योग का निर्माण होगा। इस योग के बनने से मान-सम्मान में कमी आती है, आत्मविश्वास कम होता है, वैवाहिक जीवन में भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। 

ये राशियां रहें सावधान 

मेष राशि- आपके द्वादश भाव में 6 ग्रह एक साथ होंगे जिसके कारण आर्थिक परेशानियां आपको आ सकती हैं। करियर से जुड़ा बड़ा फैसला लेने से बचें। 

सिंह राशि- इस राशि के स्वामी ग्रह सूर्य हैं और 29 तारीख को सूर्य ग्रहण लगेगा। इसलिए सिंह राशि वालों का आत्मविश्वास डगमगा सकता है। नकारात्मक विचार आपको घेर सकते हैं। 

तुला राशि- आपके शत्रु भाव में 6 ग्रह एक साथ होंगे इसलिए विरोधियों से सावधान रहें। गलत संगति से बचें नहीं तो नुकसान हो सकता है। कोई पुरानी बीमारी आपको परेशान कर सकती है। 

धनु राशि- आपके सुख भाव में सूर्य ग्रहण लगेगा और साथ ही 6 ग्रह भी एक साथ होंगे। इसलिए धनु राशि के लोगों को पारिवारिक जीवन में दिक्कतें आ सकती हैं। वार्तालाप सोच-समझकर करें। 

मीन राशि- आपकी राशि में ही 6 ग्रह एक साथ होंगे। इसकी वजह से मानसिक परेशानियां आ सकती हैं। अनजाना भय आपको सता सकता है। आंख, सिर और गले से संबंधित स्वास्थ्य समस्याएं होने की आशंका है। 

उपाय 

  • इन सभी राशियों को बुरे प्रभाव से बचने के लिए 29 मार्च के दिन यथासंभव दान करना चाहिए। 
  • भोलेनाथ की पूजा करने से कई विघ्न बाधाएं दूर होंगी। 
  • इस दिन भगवान शिव के साथ ही सूर्य, शनि और राहु के मंत्रों का जप करना शुभ रहेगा। 
  • योग-ध्यान करने से भी आपको लाभ मिल सकता है। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें-मीन राशि में बना लंपट योग होगा और भी घातक, 29 मार्च के बाद इन 3 राशियों की बढ़ेंगी मुश्किलें

Shukra Asta 2025: शुक्र हो चुके हैं अस्त, इन 5 राशियों के सितारे रहेंगे बुलंदियों पर, धन का मिलेगा जबरदस्त लाभ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।