Vaishakh Maah Daan: 3 अप्रैल 2026 से वैशाख माह का आरंभ हो रहा है। धार्मिक दृष्टि से वैशाख के महीने को अत्यंत ही पुण्यकारी माना गया है। वैशाख माह को माधव मास भी कहते हैं। इस महीने में भगवान विष्णु के मधुसूदन स्वरूप की पूजा-अर्चना की जाती है। स्कंद पुराण में भी कहा गया है कि वैशाख माह के समान कोई माह नहीं है। वैशाख मास में तुलसी पूजन का भी विधान है। तुलसी श्री हरि को अति प्रिय है, इसलिए नारायण की पूजा में भी तुलसी दल को जरूर रखें। इस माह में स्नान, दान पुण्य करने से धन-धान्य में बरकत होती है। धार्मिक मान्यता है कि वैशाख मास में दान-पुण्य करने से उसका कई गुना अधिक फल मिलता है। तो आइए जानते हैं कि वैशाख माह में किन चीजों का दान करना चाहिए।
वैशाख माह में क्या दान करना चाहिए?
जल- वैशाख मास में जल का दान सबसे पुण्यकारी माना गया है। जल का दान करने से सूर्य देव के साथ ही पितृ भी प्रसन्न होते हैं। ऐसे में वैशाख में जल से भरा घड़ा यानी मटका दान करें। अगर संभव हो तो प्याऊ भी लगवा सकते हैं।
फल- वैशाख महीने में ठंडक प्रदान करने वाले फलों का दान करें। इस माह में मौसमी फल जैसे- तरबूज, खरबूजा और बेल जैसे फलों का दान बहुत ही शुभकारी माना गया है। फल का दान करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
छाता और चप्पल- वैशाख महीने में गर्मी अधिक रहती है। ऐसे में गरीब और जरूरतमंदों को छाता और चप्पल का दान करें। इन दोनों चीजों का दान करने से कुंडली में राहु-केतु जैसे दोष दूर होते हैं।
वस्त्र- वैशाख मास में जरूरतमंदों को वस्त्र का दान करें। वस्त्र का दान करने से कुंडली में सूर्य कि स्थिति मजबूत होती है। इसके साथ ही व्यक्ति को पुण्यकारी लाभ मिलता है।
सत्तू- गर्मियों में सत्तू का सेवन स्वास्थ्य के लिहाज से बहुत ही उत्तम माना गया है। सत्तू खान से पेट में ठंडक बनी रहती है। तो वैशाख मास में सत्तू का दान भी अवश्य करें। आपके धन-धान्य में बरकत होगी।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इंडिया टीवी इस बारे में किसी तरह की कोई पुष्टि नहीं करता है। इसे सामान्य जनरुचि को ध्यान में रखकर यहां प्रस्तुत किया गया है।)
ये भी पढ़ें-