1. Hindi News
  2. धर्म
  3. वास्तु टिप्स
  4. Vastu Tips: कहीं आपने भी तो नहीं लगाया घर में चोरी किया हुआ मनी प्लांट? ऐसा करना सही है या गलत जान लें वास्तु शास्त्र से

Vastu Tips: कहीं आपने भी तो नहीं लगाया घर में चोरी किया हुआ मनी प्लांट? ऐसा करना सही है या गलत जान लें वास्तु शास्त्र से

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Jul 30, 2024 11:24 am IST,  Updated : Jul 30, 2024 11:33 am IST

Vastu Tips: मनी प्लांट के पौधे को घर में कैसे लगाना चाहिए, चोरी किए हुए मनी प्लांट को लगाने से क्या होता है? इन महत्वपूर्ण सवालों के जवाब आज हम आपको अपने इस लेख में देंगे।

Money Plant - India TV Hindi
Money Plant Image Source : FILE

Vastu Tips: हर व्यक्ति अपने जीवन में पर्याप्त मात्रा में धन पाना चाहता है। इसके लिए लोग कई तरह के उपाय भी करते हैं। इन्हीं में से एक उपाय है घर में पौधों को लगाना जैसे- तुलसी, शमी आदि के पौधों को घर में लगाने से कई तरह की नकारात्मक ऊर्जाएं समाप्त होती हैं और आपको धन की प्राप्ति भी होती है। इसके साथ ही कई लोग मनी प्लांट को भी घर में लगाते हैं, और लोगों की ये मान्यता है कि मनी प्लांट को चोरी करके लगाने से घर में बरकत आती है। ये बात कितनी सही है और कितनी गलत इसके बारे में आज हम आपको जानकारी देंगे। इसके साथ ही आपको बताएंगे कि मनी प्लांट घर में किन नियमों का पालन करते हुए लगाना चाहिए। 

मनी प्लांट चोरी करके लगाना चाहिए?

ज्यादातर लोग ये मानते हैं कि अगर हम मनी प्लांट को चोरी करके लगाएंगे तो घर में बरकत आएगी। ऐसे में लोग मनी प्लांट की चोरी करने में कतराते भी नहीं हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मनी प्लांट का पौधा आपको इस तरह से दूसरे के घर से लाना चाहिए कि कोई आपको इस पौधे या इसकी टहनी को लाते देखे ना। कहा जाता है कि, मनी प्लांट की एक टहनी अगर आप किसी के घर से लाते हैं तो इससे नुकसान किसी का नहीं होता, इस टहनी को लेकर घर में एक गमले में इस पौधे को आप उगा सकते हैं। माना जाता है कि, इससे घर में बरकत आती है। लेकिन वास्तु शास्त्र की मानें तो मनी प्लांट को चोरी करना अच्छा नहीं होता। अगर आप मनी प्लांट को चोरी करते हैं इससे सकारात्मक की जगह में नकारात्मक प्रभाव आपको देखने को मिल सकते हैं। ऐसा करने से धन लाभ की जगह हानि हो सकती है और भाग्य भी आपसे रूठ सकता है इसलिए गलती से भी आपको मनी प्लांट चोरी करके नहीं लगाना चाहिए। 

मनी प्लांट को खरीदना या उपहार में लेना शुभ  

मनी प्लांट को खरीदना या उपहार में लेना वास्तु में सही माना गया है। इससे आपके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि आती है। इसलिए अगर आपको अगली बार कोई ये कहे कि मनी प्लांट जब आप चोरी करेंगे लगाएंगे तभी शुभ परिणाम देगा तो आपको, चोरी करने की गलती नहीं करनी चाहिए। 

किस दिशा में रखना चाहिए मनी प्लांट 

वास्तु शास्त्र में हर दिशा का अपना अलग महत्व बताया गया है। मनी प्लांट को रखने के लिए भी घर में एक निश्चित स्थान आपको बनाना चाहिए। इस पौधे को आप उत्तर या पूर्व दिशा में स्थापित करके शुभ परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। सही दिशा में मनी प्लांट को लगाने से आपके घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। 

मनी प्लांट लगाने के बाद इन बातों का भी रखें ध्यान

  • अगर आपने घर में मनी प्लांट लगाया है तो आपको नियमित रूप से उसकी देखभाल करनी चाहिए। समय-समय पर खाद-पानी आपको देते रहना चाहिए। 
  • मनी प्लांट के पास आपको शुद्धता बनाए रखनी चाहिए, गलती से भी जूते-चप्पल या कबाड़ मनी प्लांट के पास न रखें। 
  • घर में ऐसी जगह पर मनी प्लांट को रखें जहां धूप और हवा का प्रवाह हो। 
  • कभी भी मनी प्लांट को जमीन में लगाने की गलती न करें, वास्तु में इसे सही नहीं माना गया है। मनी प्लांट को हमेशा गमले में ही लगाएं। 

इन नियमों का पालन करते हुए अगर आप घऱ में मनी प्लांट रखते हैं तो निश्चित ही आपको अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। मनी प्लांट लगाने से न केवल धन से जुड़ी समस्याओं से आपको छुटकारा मिलता है बल्कि सकारात्मक ऊर्जा भी आपको प्राप्त होती है। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें-

Mangalwar Ke Upay: मंगलवार के दिन जरूर करें ये उपाय, संकटमोचन हनुमान जी हर समस्या से दिलाएंगे छुटकारा

Sawan 2024: आखिर शिवजी को इतने प्रिय क्यों है बेलपत्र? शिवलिंग पर अर्पित करने से मां गौरी की भी मिलती है कृपा

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Vastu Tips से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें धर्म