1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वेलिंग्टन वनडे: मोइन की गेंदबाजी से जीता इंग्लैंड, सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

वेलिंग्टन वनडे: मोइन की गेंदबाजी से जीता इंग्लैंड, सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

 Reported By: IANS
 Published : Mar 03, 2018 03:17 pm IST,  Updated : Mar 03, 2018 03:17 pm IST

इंग्लैंड ने मोइन अली (3/36) की उम्दा गेंदबाजी के दम पर वेलिंग्टन के वेस्टपैक स्टेडियम में शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड को चार रनों से हरा दिया।

मोइन अली- India TV Hindi
मोइन अली

वेलिंग्टन: इंग्लैंड ने मोइन अली (3/36) की उम्दा गेंदबाजी के दम पर वेलिंग्टन के वेस्टपैक स्टेडियम में शनिवार को खेले गए तीसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड को चार रनों से हरा दिया। इस रोमांचक मुकाबले में मिली जीत के दम पर इंग्लैंड ने पांच वनडे मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली है। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड के बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और उसकी पारी 234 रनों पर समाप्त हो गई। इस लक्ष्य को हासिल करने उतरी न्यूजीलैंड कप्तान केन विलियमसन (नाबाद 112) की शानदार शतकीय पारी के बावजूद केवल चार रनों से हार गई। इंग्लैंड ने 100 के स्कोर से पहले ही अपने तीन विकेट गंवा दिए। टीम के लिए सबसे अधिक 48 रन बनाने वाले कप्तान इयोन मोर्गन को टिम साउथी ने पवेलियन भेजा। 

इसके अलावा, बेन स्टोक्स ने 39 और जोस बटलर ने 29 रन बनाए। टीम ने संतुलित बल्लेबाजी कर स्कोर निर्धारित 50 ओवरों में 234 तक पहुंचाया। इस मैच में न्यूजीलैंड के लिए इश सोढी ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए, वहीं बाउल्ट को दो और साउथी तथा कोलिन ग्रैंडहोम ने एक-एक सफलता हासिल की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड को मार्टिन गुप्टिल (3) और कोलिन मुनरो (49) के आउट होने के बाद कप्तान विलियमसन ने संभाला। हालांकि, उन्हें बाकी खिलाड़ियों का साथ नहीं मिला। 103 के स्कोर पर टीम ने अपने छह विकेट गंवा दिए थे। 

इसके बाद, सातवें विकेट के लिए पिच के एक छोर पर टीम की पारी संभाले खड़े विलियमसन का साथ देने आए मिशेल सेंटनर (41) ने 96 रन जोड़कर टीम का स्कोर 199 तक पहुंचाया, लेकिन इसी स्कोर पर वोक्स ने सेंटनर को रन आउट किया। इसके बावजूद विलियमसन किसी तरह टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने की कोशिश में लगे हुए थे, लेकिन ओवर समाप्त होने के कारण वह जीत हासिल करने से केवल चार रन दूर रह गए। इस प्रकार न्यूजीलैंड की टीम आठ विकेट के नुकसान पर केवल 230 रन बना पाई। 

विलियमसन ने 143 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और दो छक्के लगाने के साथ ही अपने वनडे करियर के 5,000 रन भी पूरे किए। वह सबसे तेजी से 5,000 रन पूरे करने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए। इस क्रम में उन्होंने मार्टिन गुप्टिल को पछाड़ा है। इस पारी में मोइन के अलावा, आदिल राशिद और क्रिस वोक्स को दो-दो विकेट मिले। मोइन को मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच चौथा वनडे मैच सात मार्च को डुनेडिन में खेला जाएगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल