वरुण आरोन भले ही भारतीय टीम को अपनी ज्यादा सेवाएं नहीं दे पाए हों, लेकिन उनके पास आईपीएल में खेलने का काफी अनुभव है। आरोन ने 2011 से 2019 के बीच IPL में 47 मैच खेलते हुए 42 विकेट अपने नाम किए हैं, हालांकि इन 42 विकट में से एडम गिलक्रिस्ट का विकेट उनका काफी पंसदीदा है जो उनके आईपीएल करियर का पहला विकेट भी था।
वरुण आरोन ने स्पोर्टस्टार को बताया, “IPL से जुड़ी सबसे अच्छी याद है मेरा पहला IPL विकेट जिसमें मैंने एडम गिलक्रिस्ट को आउट किया था। मैंने गिलक्रिस्ट का मिडिल स्टंप उखाड़ा था। मैं उस समय 19 या 20 साल का था और उस वक्त मैं काफी खुश था। मैंने ऐसा पहले कभी भी महसूस नहीं किया था।"
आरोन के लिए साल 2014 काफी शानदार रहा था। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन की बदौलत वो चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में सफल रहे। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में तेज गेंदबाज के तौर पर शामिल किया गया। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर दो टेस्ट खेले और पांच विकेट चटकाए। इसके बाद उन्हें 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने का मौका मिला लेकिन वहां वो कुछ खास नहीं कर सके।
IPL 2019 में वरुण आरोन भले ही 5 मैचों में 4 विकेट हासिल किए हो लेकिन उन्होंने इस दौरान कुछ यादगार विकेट अपने नाम किए। उन्होने कहा, “मेरा पिछला सीजन भी यादगार था। मैं एक-डेढ़ या दो साल से नकल बॉल का अभ्यास कर रहा था। मैंने नई गेंद से स्विंग का अभ्यास किया था। मैं एक मैच में वापस आया, जहां राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत हासिल की थी।”
उन्होंने कहा, 'क्रिस लिन और शुभमन गिल ने केकेआर के लिए बल्लेबाजी की शुरुआत की थी। मैंने लिन ने बोल्ड कर दिया और मुझे लगा कि गिल को मेरी नकल बॉल के बारे में पता चल सकता है। यह एकदम सही गेंद थी। यह गेंद ठीक उसी जगह पर टिप खाई जहां मैं चाहता था। ये एक शानदार गेंद थी।"