1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2018: सभी टीमों के कप्तान तय, जानिए किस टीम की बागडोर रहेगी किसके हाथ में

IPL 2018: सभी टीमों के कप्तान तय, जानिए किस टीम की बागडोर रहेगी किसके हाथ में

 Written By: Manoj Shukla
 Published : Mar 04, 2018 12:19 pm IST,  Updated : Mar 04, 2018 12:19 pm IST

आईपीएल 2018 के लिए सभी टीमों के कप्तान तय हो गए हैं।

आईपीएल 2018 के कप्तान- India TV Hindi
आईपीएल 2018 के कप्तान

आईपीएल-2018 में अब बस कुछ ही दिनों का समय बाकी रह गया है। जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे ही टूर्नामेंट को लेकर नई खबरें सामने आ रहीं हैं। आईपीएल की कुछ टीमों ने टीम के कप्तान पहले ही तय कर दिए थे तो वहीं कुछ का किया जाना बाकी थी। लेकिन अब सभी टीमों के कप्तान तय हो गए हैं और साफ हो गया है कि कौन सी टीम की कमान कौन सा खिलाड़ी संभालेगा। आइए आपको बताते हैं कि किस टीम की बागडोर किसके हाथ में होगी।

चेन्नई सुपर किंग्स: चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो टीम की कमान एम एस धोनी के हाथ में रहेगी। 2 साल के बैन के बाद वापस लौट रही चेन्नई ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि धोनी ही उनके कप्तान होंगे। और टीम ने अपने फैसले को बरकरार रखा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू: आईपीएल इतिहास की कागजों पर सबसे मजबूत दिखने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम का कप्तान भी पहले ही तय था। हर कोई जानता था कि विराट कोहली ही टीम की कप्तानी जारी रखेंगे और फ्रेंचाइजियों ने भी क्रिकेट के सुपरस्टार को ही कप्तान बनाए रखा।

सनराइजर्स हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के लिए पिछला सीजन काफी अच्छा रहा था। दूसरे शब्दों में कहें तो जबसे टीम की कप्तानी डेविड वॉर्नर ने संभाली है तबसे ही टीम शानदार खेल दिखा रही है। इस सीजन में भी वॉर्नर ही कप्तानी करते नजर आएंगे।

किंग्स इलेवन पंजाब: प्रीति जिंटा की टीम ने इस बार अपनी टीम का कप्तान उस खिलाड़ी को बनाया है जो पिछले कई साल से धोनी की टीम में था। पंजाब ने अश्विन के हाथों में कप्तानी सौंपी है और माना जा रहा है कि अश्विन धोनी के बहुत करीबी हैं और इस लिहाज से वो कप्तानी के काफी सारे गुर भी सीख गए हैं।

मुंबई इंडियंस: मुंबई की टीम इस टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन है और उन्होंने पिछले साल रोहित शर्मा की कप्तानी में जीत हासिल की थी। ऐसे में रोहित को कप्तानी से हटाने का तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। मुंबई फिर से रोहित की कप्तानी में खेलेगी।

दिल्ली डेयरडेविल्स: दिल्ली की टीम अब तक एक बार भी खिताब नहीं जीत पाई है। टीम को अब तक सही कप्तान और प्लेइंग इलेवन नहीं मिल सकी थी। लेकिन इस सीजन में गौतम गंभीर के रूप में उनके पास बेहतरीन खिलाड़ी और कप्तान है। गंभीर का अनुभव टीम के काम जरूर आएगा और इसी को ध्यान में रखते हुए टीम ने गंभीर को कप्तान चुना है।

कोलकाता नाइट राइडर्स: गंभीर के जाने के बाद कप्तान की कुर्सी खाली थी। कप्तानी के लिए रॉबिन उथप्पा, दिनेश कार्तिक और क्रिस लिन में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही थी। हालांकि अब मैनेजमेंट ने दिनेश कार्तिक को कप्तान बना दिया है। 

राजस्थान रॉयल्स: राजस्थान रॉयल्स ने दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी स्टीवन स्मिथ को टीम का कप्तान बनाया है। स्मिथ की कप्तानी में पिछले सीजन में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने शानदार प्रदर्शन किया था और रोमांचक फाइनल में हारी थी। ऐसे में राजस्थान ने स्मिथ को अपनी टीम का कप्तान घोषित किया है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल