नॉर्थ साउंड (एंटिगा): भारत ने सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को अपनी पहली पारी में 8 विकेट पर 566 रन (घो.) बनाने के बाद दिन का खेल खत्म होने तक 31 रनों के कुल योग पर वेस्टइंडीज का एक विकेट झटक लिया है। भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 200 और रविचंद्रन अश्विन ने 113 रन बनाए। भारत ने दिन का खेल खत्म होने से एक घंटे पहले पारी घोषित की और मोहम्मद समी ने राजेंद्र चंद्रिका को 16 के निजी योग पर आउट करते हुए मेजबान टीम को पहला झटका दिया। समी ने चंद्रिका को विकेट के पीछे रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। उस समय कुल योग 30 था।
मेजबान टीम पहली पारी की तुलना में अभी भी 535 रन पीछे है। उसे पहले फॉलोआन बचाने के लिए खेलना होगा और इस क्रम में उसके सीनियर बल्लेबाजों को अहम भूमिका अदा करनी होगी। बहरहाल, स्टम्प्स तक क्रेग ब्राथवेट 11 और नाइटवॉचमैन देवेंद्र बीशू शून्य के निजी योग पर नाबाद थे। मेजबान टीम ने 16 ओवरों का सामना किया है। इससे पहले, भारत ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 566 रनों पर घोषित कर दी। यह वेस्टइंडीज के खिलाफ उसी के घर में भारत का दूसरा सबसे बड़ा योग है। इससे पहले, 2006 में ग्रास आइलेट में भारत ने 8 विकेट पर 588 रनों पर पारी घोषित की थी। साथ ही यह वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का कुल चौथा बड़ा योग है।
भारत के लिए कप्तान कोहली ने जहां अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाया और कई कीर्तिमान स्थापित किए वहीं दुनिया के बेहतरीन हरफनमौला खिलाड़ियों में शामिल अश्विन ने 113 रनों की पारी खेली। यह उनके करियर का तीसरा शतक है। इसके अलावा अमित मिश्रा ने 53, साहा ने 40 और समी ने नाबाद 17 रन जुटाए। वेस्टइंडीज की ओर से ब्राथवेट, बीशू ने तीन-तीन सफलता पाई जबकि शेनॉन गेब्रिएल ने दो विकेट लिए।
पहले दिन की तरह दूसरा दिन भी रिकॉर्डधारी कोहली के नाम रहा। पहले दिन स्टम्प्स तक 143 रन बनाने वाले कोहली ने भोजनकाल के ठीक बाद गेब्रियल की गेंद पर बोल्ड होने से पहले कई कीर्तिमान अपने नाम किए। सबसे सबसे पहले तो वह अपने अब तक के व्यक्तिगत योग 169 रनों से आगे निकले और फिर 1997 के बाद विदेशी धरती पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बने।
कोहली ने 147 रन बनाने के साथ वेस्टइंडीज में किसी भारतीय कप्तान सबसे बड़ी पारी का भी रिकार्ड अपने नाम किया। यह रिकार्ड इससे पहले राहुल द्रविड़ के नाम था, जिन्होंने 2006 में ग्रास आईलेट में 146 रन बनाए थे। अब कोहली विदेशी धरती पर पहला दोहरा शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं।