पर्थ: इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे एशेज टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरूआती दिन आज यहां अच्छी शुरूआत करके लंच तक दो विकेट पर 91 रन बनाये लेकिन उसने इससे ठीक पहले जेम्स विन्से का विकेट गंवाया।
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन अपना 150वां टेस्ट खेल रहे एलिस्टेयर कुक फिर से सस्ते में पवेलियन लौट गये।
आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों की खतरनाक गेंदबाजी के बावजूद सलामी बल्लेबाज मार्क स्टोनमैन ने एक छोर संभाले रखा। वह अभी 48 रन पर खेल रहे हैं। उनके साथ दूसरे छोर पर कप्तान रूट हैं जिन्होंने एक रन बनाया है।
स्टोनमैन और विन्से (25) ने आक्रामक रवैया अपनाया और दूसरे विकेट के लिये 63 रन जोड़े। लंच से एक ओवर पहले जोश हेजलवुड (18 रन देकर एक विकेट) ने विन्से को विकेट के पीछे कैच करा दिया। कुक केवल सात रन बना पाये और बायें हाथ के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की गेंद पर पगबाधा होकर पवेलियन लौटे। पूर्व कप्तान कुक ने डीआरएस नहीं लिया। इस तरह से टेस्ट क्रिकेट में 11,000 से अधिक टेस्ट रन बनाने वाले कुक ने इस श्रृंखला में अब तक 13.80 की औसत से केवल 69 रन बनाये हैं।
पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे चल रहे आस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में एक बदलाव करके पीटर हैंड्सकांब की जगह आलराउंडर मिशेल मार्श को अंतिम एकादश में रखा है। इंग्लैंड ने एडिलेड में 120 रन से हारने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं किया।