मीरपुर: कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे अहम खिलाडि़यों की चोटों से जुड़ी चिंताओं के बावजूद भारत आज यहां एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के राउंड रोबिन मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा। चोटों के बावजूद भारत को श्रीलंका के खिलाफ जीत का बड़ा दावेदार माना जा रहा है जिसे हाल में घरेलू श्रृंखला में उसने 2-1 से हराया था। श्रीलंका के कप्तान और स्ट्राइक गेंदबाज लसिथ मलिंगा की घुटने की समस्या दोबारा उभर आई है और उनके टूर्नामेंट में आगे खेलने पर संदेह के बादल छाए हैं। कार्यवाहक कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने बांग्लादेश के खिलाफ हार के बाद कहा, मुझे नहीं पता कि लसिथ अगले दो मैचों के लिए उपलब्ध रहेगा या नहीं क्योंकि यह फिटनेस से जुड़ा मुद्दा है। उसकी चोट दोबारा उभर आई है।
गत विश्व टी20 चैम्पियन की चुनौती के बारे में चिंता करने की जगह भारतीय टीम चोटों के बीच अंतिम एकादश को संतुलित करने पर अधिक ध्यान देना चाहेगी। कप्तान धोनी पीठ में जकड़न के बावजूद खेल रहे हैं जिसके कारण वह टीम के अधिकांश अभ्यास सत्र से बाहर रहे हैं। शिखर धवन भी बायें टखने में चोट के कारण पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पूर्व अनफिट हो गए। इतना ही नहीं पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर की यार्कर पर रोहित शर्मा के बायें पैर के अंगूठे पर भी चोट लगी।
सूचना के अनुसार एहतियात के तौर पर रोहित का एक्सरे किया गया है और भाग्य से किसी तरह के फ्रेक्चर का पता नहीं चला है।