1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बीसीसीआई के सामने झुका ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड! तय कार्यक्रम के मुताबिक वनडे सीरीज के लिए भारत आएगी ऑस्ट्रेलियाई टीम

बीसीसीआई के सामने झुका ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड! तय कार्यक्रम के मुताबिक वनडे सीरीज के लिए भारत आएगी ऑस्ट्रेलियाई टीम

 Reported By: Bhasha
 Published : May 07, 2019 08:35 pm IST,  Updated : May 07, 2019 08:35 pm IST

दोनों बोर्ड ने हालांकि विवादों को सुलझा लिया और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को आगामी सत्र के लिए अपने कार्यक्रम की घोषणा कर दी जिसमें भारत दौरा भी शामिल है।

बीसीसीआई के सामने झुका ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड! तय कार्यक्रम के मुताबिक वनडे सीरीज के लिए भारत आए- India TV Hindi
बीसीसीआई के सामने झुका ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड! तय कार्यक्रम के मुताबिक वनडे सीरीज के लिए भारत आएगी ऑस्ट्रेलियाई टीम Image Source : GETTY IMAGES

मेलबर्न। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को अगले साल की शुरूआत में भारत में एकदिवसीय अंतराष्ट्रीय श्रृंखला खेलने पर हामी भर दी। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड ने जयपुर में खेली जा रही मिनी टी20 लीग के लिए अपनी महिला खिलाड़ियों को भारत भेजने से इनकार कर दिया था जिसके बाद दोनों बोर्ड में गतिरोध उत्पन्न हो गया था। 

दोनों बोर्ड ने हालांकि विवादों को सुलझा लिया और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को आगामी सत्र के लिए अपने कार्यक्रम की घोषणा कर दी जिसमें भारत दौरा भी शामिल है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2019-20 के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया तीन एकदिवसीय मैच के लिए भारत का दौरा करने की अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करेगा। इसके कारण हालांकि चैपल-हैडली श्रृंखला को पीछे खिसकाना पड़ रहा है।’’ 

यह पहले से ही तय था कि ऑस्ट्रेलियाई टीम अगले साल जनवरी में दस दिनों के लिए भारत दौरे पर आयेगी। ये दोनों टीमों के भविष्य दौरा कार्यक्रम का हिस्सा था लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपने घरेलू प्रसारणकर्ता के दबाव में इस दौरे से पीछे हटना चाहता था जिसका मानना था कि इससे न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला को लेकर ऑस्ट्रेलिया का ग्रष्मकालीन सत्र प्रभावित होगा। 

इस कार्यक्रम के मुताबिक न्यूजीलैंड की टीम चैपल-हैडली श्रृंखला के तीन टेस्ट मैच दिसंबर में खेलेगी जबकि दोनों टीमों के बीच एकदिवसीय श्रृंखला मार्च में खेली जाएगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट संचालन प्रमुख पीटर रोच ने कहा, ‘‘हम जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला खेलना चाहते थे लेकिन कई बार आपको अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कार्यक्रम की प्रतिबद्धताओं का सम्मान करना पड़ता है।’’ 

यह पता चला है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ केविन रोबर्ट्स और उनके भारतीय समकक्ष राहुल जौहरी ने इस महीने की शुरूआत में इस मुद्दे पर चर्चा की थी लेकिन बीसीसीआई ने साफ कर दिया वह इस प्रतिबद्घता से पीछे नहीं हटेगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।