1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG 3rd Test, Day 1: अक्षर की फिरकी के बाद चला रोहित का बल्ला, भारत 99/3

IND vs ENG 3rd Test, Day 1: अक्षर की फिरकी के बाद चला रोहित का बल्ला, भारत 99/3

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Feb 24, 2021 10:10 pm IST,  Updated : Feb 24, 2021 10:10 pm IST

रोहित शर्मा के अर्धशतक की मदद से दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने तीन विकेट के नुकसान पर 99 रन बना लिए हैं।

Axar Patel Rohit Sharma Half Century Day Night Test India vs England 3rd Test Day 1- India TV Hindi
Axar Patel Rohit Sharma Half Century Day Night Test India vs England 3rd Test Day 1 Image Source : BCCI

भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैच की सीरीज का तीसरा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड को बैकफुट पर रखा। पहले अक्षर पटेल की फिरकी की मदद से भारत ने मेहमान टीम को 112 रन पर समेट दिया और उसके बाद रोहित शर्मा के अर्धशतक की मदद से दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने तीन विकेट के नुकसान पर 99 रन बना लिए हैं। क्रीज पर रोहित शर्मा 57 रन बनाकर अजिंक्य रहाणे के साथ मौजूद हैं।

इस डे नाइट टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया था। उसका यह फैसला भारत के हित में कहा। इशांत शर्मा ने दूसरे ही ओवर में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज डोमिनिक सिबली को बिना खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखाया। स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने इशांत की गेंद पर लाजवाब कैच पकड़ा।

ये भी पढ़ें - IND vs ENG : बेन स्टोक्स ने मैच के दौरान गेंद पर किया लार का इस्तेमाल, अंपायर ने दी वॉर्निंग

इसके बाद अक्षर पटेल ने मैच की अपनी पहली ही गेंद पर जॉनी बेयरस्टो को विकेट के सामने पकड़ा और अपना पहला विकेट हासिल किया। 

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान जो रूट ने जैक क्रॉली के साथ 47 रन की साझेदारी की, लेकिन अश्विन ने रूट को एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। रूट ने इस दौरान 17 रन की पारी खेली।

पहले सेशन का खेल खत्म होने से पहले अक्षर पटेल ने जैक क्रॉली को 53 के निजी स्कोर पर आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई और इंग्लैंड पर अपना शिकंजा मजबूत किया। क्रॉली पहली इनिंग में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके अलावा कोई भी इंग्लिश खिलाड़ी 20 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया था।

ये भी पढ़ें - IND vs ENG : अक्षर पटेल ने रचा इतिहास, डे नाइट टेस्ट में भारत के लिए ऐसा कारनामा करने वाले बने पहले गेंदबाज

इंग्लैंड को 112 रन पर समेटने में अक्षर पटेल ने अहम भूमिका निभाई, उन्होंने 38 रन देकर कुल 6 विकेट लिए। अक्षर ने मैच में जैक क्रॉली, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स बैन फोक्स, जोफ्रा आर्चर और स्टूअर्ट ब्रॉड को आउट किया।

अक्षर का यह टेस्ट क्रिकेट में दूसरा 5विकेट हॉल है। इससे पहले चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ ही उन्होंने अपना पंजा खोला था।

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। गिल ने 27वीं गेंद पर अपना खाता चौके के साथ खोला था। 

ये भी पढ़ें - IND vs ENG : बेन स्टोक्स की कैच पर शुरू हुआ विवाद, अंपायर के नॉट आउट देने पर भड़के जो रूट

इंग्लैंड को पहली सफलता जोफ्रा आर्चर ने 15वें ओवर में दिलाई। आर्चर की गेंद पर पुल शॉट मारने के प्रयास में गिल 11 के निजी स्कोर पर आउट हुए। इसके तुरंत बात जैक लीच ने पुजारा को बिना खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखाया।

पुजारा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान विराट कोहली ने रोहित शर्मा के साथ 64 रन की साझेदारी की, लेकिन दिन का खेल खत्म होने से कुछ गेंद पहले वह जैक लीच की गेंद पर कट शॉट मारने के प्रयास में बोल्ड हो गए।

भारत की ओर से रोहित शर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ा। 82 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 57 रन बनाकर वह अभी भी अजिंक्य रहाणे के साथ क्रीज पर मौजूद हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल