मुंबई: आईपीएल मैच के दौरान गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा से विराट कोहली के मिलन के वाकये को हालांकि बीसीसीआई ने कोई खास अहमियत नहीं दी। लेकिन बोर्ड के सचिव अनुराग ठाकुर ने साथ ही साथ इस मामले पर बोलते हुए ये भी कहा कि कोई भी खिलाड़ी खेल से बड़ा नहीं है। ठाकुर ने कोहली-अनुष्का मामले पर आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के लिए जांच जारी रखने की बात भी कही।
मामला ये है कि दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर के आईपीएल-8 मैच के दौरान बारिश का खलल पड़ा। तो बारिश से रुके मैच में कोहली डगआउट के नज़दीक वीआईपी बॉक्स में बैठी अपनी गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा से बात करने लगे। जबकि आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के मुताबिक मैच के दौरान प्लेयर्स के लिए किसी भी बाहरी शख्स से बात या मुलाकात करने की मनाही है। जिस पर बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने विराट कोहली पर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की बात भी कही।

बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा, “आईपीएल गाइडलाइंस के अनुसार एंटी करप्शन यूनिट नोटिस जारी कर जवाब मांगती है। इस प्रक्रिया के तहत जो भी आवश्यक कार्यवाही हो, वो हम करते हैं। खिलाड़ी चाहे कितना भी बड़ा हो, लेकिन खेल से बड़ा कोई नहीं। खेल के नियम जो भी कहते हैं, जांच उन्हीं नियमों के मुताबिक होगी।”
फिलहाल विराट कोहली कोहली को बांग्लादेश के खिलाफ 10 जून से होने वाले इकलौते टेस्ट मैच के लिए कप्तान घोषित किया गया है।
आईपीएल की टीवी रेटिंग का ग्राफ बढ़ा
अनुराग ने कहा कि हम चाहते हैं कि सबका ध्यान विवादों की बजाए वापस क्रिकेट पर केंद्रित हो जाए। हमें खुशी है कि आईपीएल का मौजूद सीज़न बहुत सफल रहा और टीवी रेटिंग काफी बढ़ गई। टेलीविजन पर दर्शकों की संख्या 20 फीसदी तक बढ़ गई, जबकि स्टेडियम में दर्शकों की संख्या में 30 फीसदी का इजाफा देखा गया है।