भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों कोरोना के कारण आईपीएल स्थगित होने के बाद अपने शहर रांची में आराम कर रहे हैं। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ( बीसीसीआई ) ने ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल से काफी समय बाद महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर को शेयर किया है। जो कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
धोनी की तस्वीर शेयर करने के साथ ही बीसीसीआई ने साथ में लिखा, “मुस्कुराहट ही रास्ता है।”
इस तस्वीर के ट्वीट करते ही धोनी फैंस ने इसे सोशल मीडिया पर ट्रोल करना शुरू कर दिया है। हालांकि इस फोटो को ट्वीट करने का मतलब क्या है, यह तो साफ नहीं है।
गौरतलब है कि एमएस धोनी ने टीम इंडिया की ओर से आखिरी इंटरनेशल मैच जुलाई में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप में खेला था। उस विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में भारत को हार मिली थी और भारत विश्व कप की दौड़ से बाहर हो गया था। जिसके बाद से अब तक धोनी ने भारत के लिए एक भी मैच नहीं खेला है और उनके आगामी ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप में खेलने पर भी संदेह जारी है।
इसी बीच उम्मीद की जा रही थी कि आईपीएल 2020 में धोनी की बल्लेबाजी का जलवा दिखाई देगा, लेकिन आईपीएल के भी 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित होने के बाद धोनी के फैंस को निराशा हाथ लगी है। इस बीच अचानक से बीसीसीआई को धोनी की याद क्यों आई है, यह अपने आप में बड़ा सवाल है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि धोनी कि इस फोटो के पीछे कि वजह बीसीसीआई कब सामने जाहिर करती है।