1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. किसी भी मैदान पर छक्का लगा सकता हूं: शिवम दुबे

किसी भी मैदान पर छक्का लगा सकता हूं: शिवम दुबे

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 09, 2019 11:15 am IST,  Updated : Dec 09, 2019 11:15 am IST

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले शिवम दुबे को यकीन है कि वह दुनिया के किसी भी मैदान पर छक्के लगा सकते हैं। 

ind vs wi- India TV Hindi
किसी भी मैदान पर छक्का लगा सकता हूं: शिवम दुबे  Image Source : AP IMAGES

तिरूवनंतपुरम। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले शिवम दुबे को यकीन है कि वह दुनिया के किसी भी मैदान पर छक्के लगा सकते हैं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये भेजे गए दुबे ने 30 गेंद में चार छक्कों की मदद से 54 रन बनाये। भारत हालांकि दूसरा मैच हार गया और श्रृंखला फिलहाल 1-1 से बराबर है।

दुबे ने मैच के बाद कहा, ‘‘यह मैदान बड़ा था लेकिन मैं किसी भी मैदान पर छक्के लगा सकता हूं। आपने आज देखा और मैं कहीं भी इसमें सक्षम हूं।’’ जब वह अपनी टाइमिंग को लेकर जूझ रहे थे तब उपकप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें संयम के साथ खेलने की सलाह दी। दुबे ने कहा, ‘‘ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिलना मेरे लिये बड़ी बात है। मुझ पर निश्चित तौर पर दबाव था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद रोहित भाई ने मेरी मदद की और कहा कि संयम के साथ अपनी ताकत से खेलो। मुझे एक सीनियर खिलाड़ी से उसी तरह की प्रेरणा की जरूरत थी। उसके बाद मैने छक्का लगाया और फिर सहज होकर खेला।’’

दुबे ने कहा कि कैच छूटना खेल का हिस्सा है लेकिन उनकी टीम गलतियों से सबक लेकर वापसी करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने कैच छोड़े जो दुर्भाग्यपूर्ण था लेकिन किसी भी टीम से कैच छूट सकते हैं। हम सर्वश्रेष्ठ टीम है। यह मैच कठिन था लेकिन हम अगले मैच में वापसी करेंगे।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल