1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विश्व एकादश के खिलाफ होने वाले टी20 मैच के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान, कई दिग्गजों की हुई वापसी

विश्व एकादश के खिलाफ होने वाले टी20 मैच के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान, कई दिग्गजों की हुई वापसी

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 17, 2018 04:00 pm IST,  Updated : Apr 17, 2018 04:04 pm IST

पिछले साल आए तूफान में वेस्टइंडीज के कई स्टेडियम क्षतिग्रस्त हो गए थे और उनकी मरम्मत के लिए ये मैच खेला जाएगा।

वेस्टइंडीज टीम- India TV Hindi
वेस्टइंडीज टीम

लॉर्ड्स में 31 मई को विश्व एकादश और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मैच के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम में कई दिग्गज खिलाड़ियों की वापसी हुई है। ये मुकाबला पिछले साल सितंबर के महीने में आए तूफान के कारण कैरेबियन मैदानों को दोबारा सही कराने के लिए कराया जा रहा है। इस मैच को आईसीसी की मान्यता प्राप्त है और इससे जुटने वाले पैसे का इस्तेमाल वेस्टइंडीज के स्टेडियम की बेहतरी के लिए किया जाएगा। पिछले साल सितंबर में इर्मा और मारिया नामक तूफान ने वेस्टइंडीज के स्टेडियमों को क्षतिग्रस्त कर दिया था और जिसके कारण बोर्ड को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।

वेस्टइंडीज की टीम में आंद्रे रसेल, क्रिस गेल, एविन लुईस, कार्लोस ब्रेथवेट, मार्लन सैमुअल्स जैसे दिग्गजों की वापसी हुई है। ये सारे खिलाड़ी पाकिस्तान में खेली गई टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे। उस सीरीज में वेस्टइंडीज की टीम को 0-3 से करारी हार झेलनी पड़ी थी। लेकिन अब विश्व एकादश के खिलाफ वेस्टइंडीज अपनी पूरी ताकत के साथ उतर रहा है और माना जा रहा है कि इस मैच में विश्व एकादश के लिए वेस्टइंडीज को हराना बिल्कुल भी आसान नहीं होगा। वेस्टइंडीज की कमान कार्लोस ब्रेथवेट के हाथों में सौंपी गई है।

हालांकि टीम में कायरन पोलार्ड, सुनील नरे, ड्वेन ब्रावो जैसे खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया गया है लेकिन माना जा रहा है कि वेस्टइंडीज की ये टीम भी विश्व एकादश के लिए कड़ी चुनौती साबित होगी। फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाड़ी आईपीएल में अपना जलवा दिखा रहे हैं और लगभग हर खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने में कामयाब हो रहा है।

वेस्टइंडीज टीम: कार्लोस ब्रेथवेट (कप्तान), रयाद एमरिट, आंद्रे फ्लेचर, क्रिस गेल, एविन लुईस, एश्ले नर्स, कीमो पॉल, रॉवमैन पॉवेल, दिनेश रामदीन, आंद्रे रसेल, सैमुअल बद्री, मार्लन सैमुअल्स, केसरिक विलियम्स।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल