चेन्नई: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट क्रिकेट सीरीज के पांचवें और अंतिम मैच में कई रिकॉर्ड बने। चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में चल रहे इस मैच के चौथे दिन भारत ने करुण नायर के शानदार तिहरे शतक (303 नॉटआउट) की बदौलत अपनी पहली पारी 7 विकेट के नुकसान पर 759 रन बनाकर घोषित कर दी। इसके साथ भारत ने इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर 477 रनों पर 282 रनों की बढ़त ले ली है जिसके जवाब में इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक 12 रन बना लिए थे।

मैदान पर छा गए करुण नायर। (AP)
करुण नायर ने बनाया रिकॉर्ड
अपना सिर्फ तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे नायर की यह पहली टेस्ट सेंचुरी थी और पहले शतक के तौर पर ट्रिपल सेंचुरी जड़ने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। दुनिया की बात करें तो ऐसा करने वाले वह सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पूर्व अपने पहले ही टेस्ट शतक को तिहरे शतक में बदलने का कारनामा वेस्टइंडीज के सर गैरी सोबर्स और ऑस्ट्रेलिया के बॉब सिम्पसन कर चुके हैं। नायर भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले वीरेंद्र सहवाग के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। नायर का यह स्कोर भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में तीसरा व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर है।
अर्धशतक जड़ने के बाद तलवारबाजी करते रवींद्र जडेजा। (AP फोटो)
भारत ने बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर
भारत ने अपनी इस पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 759 रन बनाए और यह भारत का टेस्ट क्रिकेट की किसी पारी में अब तक का सर्वोच्च स्कोर भी है। इससे पहले भारत का सर्वोच्च स्कोर 726 रन था, जो उसने श्रीलंका के खिलाफ 2009 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में बनाए थे।

199 रन पर आउट होने के बाद पविलियन लौटते लोकेश राहुल। (AP फोटो)
199 पर आउट हो गए थे लोकेश राहुल
लोकेश राहुल रविवार को 199 रन के स्कोर पर आउट हो गए थे। पूरे दिन अच्छी बल्लेबाजी करने वाले राहुल इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद की एक गेंद को सही से परख नहीं पाए और कैच आउट होकर पविलियन लौट गए। राहुल ने बाद में कहा था कि उन्हें लगा था कि वह आसानी से अपना दोहरा शतक पूरा कर लेंगे पर ऐसा हो न सका।
आगे पढ़ें, सोमवार को किस तरह आगे बढ़ी थी भारतीय पारी...