1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली की कप्तानी पर भरोसा जताते हुए RCB के चेयरमैन ने दिया ये बयान

विराट कोहली की कप्तानी पर भरोसा जताते हुए RCB के चेयरमैन ने दिया ये बयान

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Aug 21, 2020 09:49 am IST,  Updated : Aug 21, 2020 09:49 am IST

संजीव चूड़ीवाला ने स्वीकार किया है कि टीम पर आईपीएल के 12 सीजन में एक बार भी खिताब नहीं जीत पाने का दबाव भले ही हो, लेकिन आरसीबी में विराट कोहली की कप्तानी को कोई खतरा नहीं है।

Virat Kohli- India TV Hindi
virat kohli Image Source : IPLT20.COM

साल 2008 से शुरू हुई इंडियन प्रीमीयर लीग (आईपीएल)  के 13 वें सीजन का आगाज यूएई में कोरोना माहमारी के कारण 19 सितंबर से होने जा रहा है। पिछले 12 सीजन से एक ही टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का विराट कोहली हिस्सा हैं। ऐसे में पिछले कई सीजन से आरसीबी के कप्तान कोहली भी टीम को एक बार ख़िताब नहीं जिता पाए हैं। जिस पर फ्रेंचाईजी के चेयरमैन संजीव चूड़ीवाला ने स्वीकार किया है कि टीम पर आईपीएल के 12 सीजन में एक बार भी खिताब नहीं जीत पाने का दबाव भले ही हो, लेकिन आरसीबी में विराट कोहली की कप्तानी को कोई खतरा नहीं है।

चूड़ीवाला ने एक वचुर्अल प्रेस कॉन्फ्रेंस में विराट की कप्तानी को लेकर कहा, ''विराट भारतीय टीम के भी कप्तान हैं और उनके काफी प्रशंसक हैं। हम सभी विराट को पसंद करते हैं। यह खेल ऐसा ही है, कभी आप हारते हैं, कभी आपको जीत मिलती है लेकिन यह भूलना नहीं चाहिए कि विराट का रिकॉर्ड कैसा है। आरसीबी का मालिक होने के नाते मैं यह कहना चाहता हूं कि हमें इस बात पर गर्व है कि विराट हमसे जुड़े हुए हैं।''

गौरतलब है कि कोहली 2008 में आईपीएल के पहले सत्र से ही आरसीबी से जुड़े रहे हैं और उनकी कप्तानी में बेंगलुरु ने 110 मुकाबलों में 49 मैच जीते हैं 55 मैच हारे हैं। विराट के नाम एक सीजन में सर्वाधिक 973 रन बनाने और साथ ही सर्वाधिक शतक (चार) का रिकॉर्ड शामिल है। जबकि पिछले सात सीजन से बतौर आरसीबी कप्तान खेलते आ रहे कोहली के बारे में आगे चूड़ीवाला ने कहा, "वह कप्तान बने रहेंगे। विराट की कप्तानी में टीम 2017 में आठ टीमों में आठवें स्थान पर रही थी और केवल तीन मैच जीत पायी थी। अगले साल 2018 में बेंगलुरु टीम छह जीत के साथ छठे स्थान पर रही थी। पिछले साल 2019 में टीम ने लगातार छह हार के साथ शुरुआत की थी और केवल पांच जीत दर्ज कर फिर आठवें स्थान पर रही थी।"

जबकि आगे चूड़ीवाला ने टीम के प्रदर्शन और उसके नातीजों में अंतर के बारे में कहा, "प्रदर्शन ऐसी चीज है जिससे टीम का मनोबल बढ़ता है। हम तीन बार (2009, 2011, 2016) फाइनल में पहुंचे, लेकिन एक बार भी खिताब नहीं जीत सके। इसमें कोई शक नहीं कि इससे हमारे ऊपर दबाव बढ़ा है, लेकिन हमने हर बार इससे सीख ली है। हमारा आखिरी दो सत्रों में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है और यह हमारे लिए चिंता का विषय है।''  

वहीं आगामी सीजन के बारे में चैयरमैन ने कहा, ''पिछले कुछ सत्रों में टीम ने जिस तरह मेहनत की है उससे हमें भरोसा है कि इस बार हम अच्छी टीम हैं और हमारी तैयारी बेहतर तरीके से चल रही है। बाकी टीम के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। प्रदर्शन से पहले कुछ बोलना जल्दबाजी होगी।''

बता दें कि भारत में कोरोना महामारी चरम पर होने के कारण इस साल का आईपीएल 19 सितंबर से 10 नवंबर के बीच दुबई में खेला जाएगा। जिसके लिए सभी टीमें लगभग दुबई पहुँच गई हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल