1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. County Select XI vs India: वॉर्म-अप मुकाबला हुआ ड्रॉ

County Select XI vs India: वॉर्म-अप मुकाबला हुआ ड्रॉ

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 22, 2021 10:23 pm IST,  Updated : Jul 22, 2021 10:23 pm IST

शुभमन गिल के चोटिल होने के कारण बाहर होने से अग्रवाल का पहले टेस्ट मैच में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करना तय है।

County Select XI vs India warm-up match ends in a draw- India TV Hindi
County Select XI vs India warm-up match ends in a draw Image Source : TWITTER HANDLE/@BCCI

मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी और रविंद्र जडेजा ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारत और काउंटी एकादश के बीच गुरुवार को यहां ड्रॉ छूटे तीन दिवसीय अभ्यास क्रिकेट मैच में पिच पर कुछ उपयोगी समय बिताया। भारत ने पहली पारी में 91 रन की बढ़त हासिल करने के बाद अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 192 रन बनाकर समाप्त घोषित की और इस तरह से काउंटी एकादश के सामने जीत के लिये 284 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा।

जब दोनों टीमों ने मैच ड्रॉ करने पर सहमति जतायी तब काउंटी एकादश ने 15.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 31 रन बनाये थे। चेतेश्वर पुजारा पहली पारी में केवल 21 रन बना पाये थे और इसलिए भारतीय टीम प्रबंधन ने उन्हें दूसरी पारी में अग्रवाल के साथ पारी का आगाज करने के लिये भेजा।

शुभमन गिल के चोटिल होने के कारण बाहर होने से अग्रवाल का पहले टेस्ट मैच में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करना तय है। अग्रवाल ने 81 गेंदों पर 47 और पुजारा ने 58 गेंदों पर 38 रन बनाये। इन दोनों ने पहले विकेट के लिये 87 रन जोड़े।

विहारी ने भी 105 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाकर मध्यक्रम में जगह मिलने की उम्मीद कायम रखी। जडेजा ने लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक जमाया। उन्होंने रिटायर्ड आउट होने से पहले 51 रन बनाये और दिखाया कि सातवें नंबर पर वह बल्ले से उपयोगी योगदान देने के लिये तैयार हैं।

जडेजा और विहारी ने तीसरे विकेट के लिये 84 रन जोड़े। अग्रवाल के आउट होने से पुजारा के साथ उनकी साझेदारी समाप्त हुई। ऑफ स्पिनर जैक कार्सन की गेंद पर भारतीय टीम के उनके साथी वाशिंगटन सुंदर ने उनका कैच लिया। सुंदर और आवेश खान दोनों काउंटी एकादश की तरफ से खेल रहे थे लेकिन उन्हें चोटिल होने के कारण अब स्वदेश लौटना होगा।

अग्रवाल की तरह पुजारा के पास भी पहले टेस्ट से पूर्व बड़ा स्कोर करके आत्मविश्वास बढ़ाने का मौका था लेकिन वह भी कार्सन की गेंद पर लेग स्लिप में कैच दे बैठे। भारत इस मैच में कप्तान विराट कोहली और उप कप्तान अजिंक्य रहाणे के बिना उतरा था।

IND vs ENG: टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, गिल-आवेश के बाद ये खिलाड़ी भी हुआ बाहर

इन दोनों के टीम के बीच ही आपस में होने वाले अभ्यास मैच में खेलने की संभावना है। इस मैच में कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा और पहली पारी में शतक बनाने वाले केएल राहुल दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिये नहीं उतरे। गेंदबाजी में उमेश यादव ने प्रभावित किया जबकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में बेअसर रहे जसप्रीत बुमराह ने केवल एक विकेट लिया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल