रांची: रांची में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच को लेकर बड़ी खबर आ रही है कि कप्तान विराट कोहली कंधे में लगी चोट की वजह से अब शायद इस टेस्ट में मैदान पर नहीं उतर पाएंगे। विराट को मैच के 40वें ओवर में चोट लग गई थी।
उमेश यादव की गेंद पर हैंड्सकोंब के शॉट को बाउंड्री पार जाने से रोकने के लिए विराट ने डाइव लगाई। कोहली की जबरदस्त फील्डिंग की बदौलत एक रन भी बचा लेकिन इस एक रन ने विराट को मैदान से बाहर भेज दिया। दरअसल डाइव लगाने में विराट अपना कंधा चोटिल कर बैठे। दर्द इतना ज्यादा था कि कोहली एक मिनट भी मैदान पर टिक नहीं सके।
एक चोट और पूरी टीम घायल!
विराट कोहली को ड्रेसिंग रूम में कंधे पर आईसपैक लगाना पड़ा। वहीं इस चोट के साथ मैच भारत की पकड़ से दूर चला गया। जब विराट चोटिल हुए उस वक्त ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 39 ओवर में 3 विकेट पर 129 रन था। विराट के बाहर जाने के बाद रहाणे ने टीम की कप्तानी संभाली लेकिन विराट जैसा जोश एक बार भी नजर नहीं आया।
विराट बिना बेबस टीम इंडिया!
इस दौरान कंगारुओं ने 41 ओवरों में 179 रन बना डाले और सिर्फ एक विकेट ही गंवाया। ड्रेसिंग रूम में विराट साफ परेशान नजर आ रहे थे क्योंकि रहाणे की कप्तानी में कोई भी गेंदबाज़ ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाने में नाकाम रहा और पहले दिन का खेल कंगारूओं के नाम हुआ। जाहिर है विराट का मैदान से दूर रहना टीम इंडिया पर बहुत भारी साबित हआ।
'क्रिकेट की बात' में बोले शास्त्री, विराट का चोटिल होना टीम इंडिया को झटका
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रवि शास्त्री ने इंडिया टीवी के कार्यक्रम ‘क्रिकेट की बात’ के दौरान आज के मैच को लेकर कहा, 'विराट का चोटिल होना झटका है। विराट एग्रेसिव है एक्सप्रेसिव है... खेल को हाथ से बाहर जाने नहीं देते। विराट जब मैदान पर होता है तो गेम ऑन होती है, वो विकेट लेने की कोशिश करते हैं। पार्टनरशिप भी नहीं बढ़ने देते लेकिन विराट के जाने के बाद टीम फ्लेट थी, जिसका फायदा ऑस्ट्रेलिया को हुआ।'
सुपरफिट के साइड इफेक्ट: शास्त्री
उन्होंने कहा, कभी-कभी जब आप सुपरफिट होते हो तो आप अपने आपको सुपरमैन समझते हैं, ऐसी डाइव से खतरनाक चोट लग सकती है। अच्छा है विराट ने आराम किया, उनकी बल्लेबाजी की जरुरत है। फिजियो ने बोला होगा आज आराम करो और कल जाना आराम से बल्लेबाजी करने।
देखिए वीडियो-
रांची में वापसी नहीं आसानः शास्त्री
शास्त्री ने कहा, वापसी करना मुश्किल है। पहले सेशन में 3 विकेट निकालने होंगे, स्मिथ बहुत मजबूत लग रहा था, स्मिथ एक बार ही बल्लेबाजी करना चाहते हैं और ऑस्ट्रेलिया का यही गेम प्लान है, पिच अभी 2 विकेट और अछ्ची रहने वाली है। मैक्सवेल कभी भी अपना गेयर बदल सकता है, आखिरी सेशन में मैक्सवेल ने तेजी से रन बनाए।