1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मध्य प्रदेश को सात विकेट से हराकर दिल्ली सेमीफाइनल में

मध्य प्रदेश को सात विकेट से हराकर दिल्ली सेमीफाइनल में

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 11, 2017 06:57 pm IST,  Updated : Dec 11, 2017 06:57 pm IST

पूर्व कप्तान गौतम गंभीर पांच रन से शतक से चूक गए लेकिन दिल्ली ने उनकी दो उम्दा साझेदारियों की बदौलत रणजी ट्राफी क्वार्टर फाइनल के पांचवें और अंतिम दिन आज यहां मध्य प्रदेश को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

Gautam Gambhir- India TV Hindi
Gautam Gambhir

विजयवाड़ा: पूर्व कप्तान गौतम गंभीर पांच रन से शतक से चूक गए लेकिन दिल्ली ने उनकी दो उम्दा साझेदारियों की बदौलत रणजी ट्राफी क्वार्टर फाइनल के पांचवें और अंतिम दिन आज यहां मध्य प्रदेश को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मध्य प्रदेश के 217 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने गंभीर की 129 गेंद में नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 95 रन की पारी की बदौलत 51 . 4 ओवर में तीन विकेट पर 217 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। 

गंभीर ने सलामी बल्लेबाज कुणाल चंदेला (57) के साथ दूसरे विकेट के लिए 98 और ध्रुव शोरे (नाबाद 46) के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी करके दिल्ली की जीत में अहम भूमिका निभाई। नितीश राणा छह रन बनाकर नाबाद रहे। 

दिल्ली की टीम आज बिना नुकसान के आठ रन से आगे खेलने उतरी। टीम ने दिन के चौथे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज विकास टोकस (06) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने ईश्वर पांडे (18 रन पर एक विकेट) की गेंद पर हरप्रीत सिंह को कैच थमाया। नियमित सलामी बल्लेबाज गंभीर ने इसके बाद कल के नाबाद बल्लेबाज चंदेला के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। अपना दूसरा प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे चंदेला ने लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके बाद वह मिहिर हिरवानी (84 रन पर एक विकेट) की गेंद पर नमन ओझा को कैच दे बैठे। उन्होंने 85 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और दो छक्के जड़े। 

गंभीर को इसके बाद ध्रुव के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। दोनों ने टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया लेकिन गंभीर अपने 42वें प्रथम श्रेणी शतक से जब सिर्फ पांच रन दूर थे तब हिरवानी के सटीक निशाने का शिकार बनकर रन आउट हो गए। 

दिल्ली को इस समय जीत के लिए 13 रन की दरकार थी और ध्रुव ने राणा के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। सेमीफाइनल में अब दिल्ली का सामना बंगाल से होगा जिसने पहली पारी की बढ़त के आधार पर गुजरात को पछाड़कर अंतिम चार में प्रवेश किया। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल