इंग्लैंड के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर लिमिटेड ओवर्स के क्रिकेट में धमाल मचाने के बाद अब खुद को लाल गेंद के खेल टेस्ट क्रिकेट में निखारना चाहते हैं। जिसके चलते वो इन दिनों टेस्ट क्रिकेट में नाम कमाने के लिए मेहनत करने में जुटे हुए हैं।
बटलर का टेस्ट मैचों में हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों में उनका उच्चतम स्कोर 43 रन रहा। इस तरह 29 वर्षीय खिलाड़ी को श्रीलंका के खिलाफ आगामी दौरे के लिये भी इंग्लैंड की टीम में चुना गया है।
गौरतलब है कि विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस और डेविड वॉर्नर जैसे बल्लेबाज तीनों प्रारूपों में सफल रहे हैं और बटलर भी इनकी सूची में शामिल होना चाहते हैं। बटलर ने कहा, ‘‘कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो दुनिया में सर्वश्रेष्ठ है और वे सभी प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। वे ऐसा करने में सफल रहे हैं। ’’
उन्होंने अंत में कहा, ‘‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सभी प्रारूपों में खेल सकता है। आप सभी प्रारूपों में खेलना चाहते हो। आप सभी प्रारूपों के लिये टीम में बने रहना चाहते हो। मैं निश्चित तौर ऐसा चाहता हूं। कुछ खिलाड़ी नैसर्गिक तौर पर सभी प्रारूपों में ढल जाते हैं लेकिन मेरा मानना है कि आप ऐसा कर सकते हो।’’