गॉले: भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज रोहित शर्मा का श्रीलंकाई सरजमीं पर लचर प्रदर्शन आज पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में भी बदस्तूर जारी रहा और पहली पारी में वह केवल नौ रन बनाकर आउट हो गये।
इस तरह से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये उतरे रोहित ने श्रीलंकाई धरती पर टेस्ट और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में जो पिछली दस पारियां खेली हैं उनमें वह केवल 42 रन बना पाये हैं और उनका औसत 4.2 है।

इसके विपरीत आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने श्रीलंका में अपने पहले टेस्ट मैच में ही 46 रन देकर छह विकेट लिये। यह 11वां अवसर है जबकि उन्होंने पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिये।

उनका यह विदेशी सरजमीं पर सर्वश्रेष्ठ और ओवरआल तीसरा सबसे बेहतर प्रदर्शन है। श्रीलंका में यह किसी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। उन्होंने हरभजन सिंह के 2008 में गोल में 102 रन देकर छह विकेट के रिकार्ड को तोड़ा।