1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. गेंद को चमकाने के लिए सिर्फ लार बैन किए जाने पर हरभजन सिंह ने सुझाया ये नया प्लान

गेंद को चमकाने के लिए सिर्फ लार बैन किए जाने पर हरभजन सिंह ने सुझाया ये नया प्लान

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 19, 2020 10:28 pm IST,  Updated : May 19, 2020 10:28 pm IST

भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि टेस्ट क्रिकेट में बल्ले और गेंद के बीच समान प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए दोनों छोर से अलग-अलग गेंदों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Harbhajan Singh- India TV Hindi
Harbhajan Singh Image Source : GETTY

मुंबई| कोरोना महामारी से बचने के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड (आईसीसी) ने सबके सामने एक विचार प्रकट किया था। जिसमें कहा गया था कि जब भी कोरोना के बाद क्रिकेट की वापसी होगी टीम के खिलाड़ी गेंद को चमकाने के लिए लार, थूक या पसीने का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। जिसके बाद अनिल कुंबले की अध्यक्षता आईसीसी की क्रिकेट समिति ने भी सलाइवा ( लार ) का उपयोग न करने की सिफारिश की है जबकि पसीने के इस्तेमाल पर रोक ना लगाने की बात कही है। इस पर फैसला अगले महीने आएगा। जिस पर भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि टेस्ट क्रिकेट में बल्ले और गेंद के बीच समान प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए दोनों छोर से अलग-अलग गेंदों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

हरभजन ने एक यूट्यूब चैनल पर कहा, "आप दोनों छोर से दो गेंदों का इस्तेमाल कर सकते हैं। एक गेंद को आप रिवर्स स्विंग के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं जबकि दूसरी गेंद को स्विंग के लिए।"

हरभजन ने कहा, "मैं यह नहीं कहूंगा कि आप दोनों गेंदों का इस्तेमाल 90 ओवरों के लिए करें, आप उन्हें 50 ओवरों के बाद बदल सकते हैं क्योंकि दोनों गेंदें 50 ओवरों तक पुरानी हो जाएंगी। चमक नहीं रहेगी और यह पसीने से भी नहीं आएगी। कप्तान के पास विकल्प होना चाहिए कि वो नई गेंद को एक ही छोर से इस्तेमाल करना चाहता है कि दोनों छोर से। लेकिन एक गेंद को 50 ओवर से ज्यादा इस्तेमाल नहीं किया जाए।"

सालइवा गेंद को चमकाने में किस तरह मददगार होता है इस बात को समझते हुए हरभजन ने कहा, "जब गेंद पुरानी हो जाती है तो यह पसीने से चमकती नहीं है सिर्फ भारी होती है। चूंकि सलाइवा थोड़ा मोटा होता है और इसके बार-बार उपयोग करने से गेंद को चमकाने में मदद मिलती है। पसीना गेंद को भारी कर सकता है लेकिन यह गेंद को चमका नहीं सकता खासकर तब जब यह पुरानी हो।"

ये भी पढ़ें - रोहित शर्मा ने बताया कैसे उन्हें मिला आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने का मौका

इस ऑफ स्पिनर ने कहा, "मुझे लगता है कि इसका कोई स्थायी समाधान नहीं है। अगर आप सलाइवा का इस्तेमाल नहीं करोगे तो यह गेंदबाजों को खेल से दूर ले जाएगा, खासकर उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में। आपको गेंद बनानी है तो आपको सलाइवा चाहिए होगा।"

भारत के लिए टेस्ट में पहली हैट्रिक लेने वाले इस गेंदबाज ने कहा, "हमें देखना होगा कि सलाइवा के अलावा और क्या विकल्प हैं जिनसे आप गेंद और बल्ले के बीच संतुलन बनाए रख सकते हो।"

ये भी पढ़ें - आईपीएल के इतिहास में कभी ब्रेकफास्ट टेबल पर रोहित शर्मा ने नहीं खाया खाना, बेटी ने ऐसे बदली जिंदगी

हरभजन ने कहा कि सलाइवा का इस्तेमाल न होने से गेंद हवा में भी ज्यादा देर नहीं रहेगी और ज्यादा स्पिन भी नहीं करेगी।

दाएं हाथ के इस गेंदबाज ने कहा, "अगर गेंद में चमक नहीं रहेगी और यह सिर्फ पसीने से ही भारी रहेगी तो गेंद हवा में भी ज्यादा देर नहीं रहेगी और जल्दी नीचे आ जाएगी और स्पिन भी ज्यादा नहीं करेगी। गेंद को पकड़ने में भी परेशानी होगी।"

( With input ians )

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल