1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चयनकर्ता की नजरों के बीच पांड्या ने तूफानी पारी खेल ठोंका अपनी वापसी का दावा

चयनकर्ता की नजरों के बीच पांड्या ने तूफानी पारी खेल ठोंका अपनी वापसी का दावा

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 29, 2020 08:03 am IST,  Updated : Feb 29, 2020 08:03 am IST

पंड्या को पांच महीने पहले कमर में चोट लगी थी जिसके बाद लंदन में उनकी सर्जरी हुई थी।

Hardik Pandya- India TV Hindi
Hardik Pandya Image Source : TWITTER

नवीं मुंबई| पीठ की सर्जरी से वापसी कर मैदान पर उतरे हार्दिक पंड्या के खेल को देखने के लिए डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट के दौरान निवर्तमान मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद मौजूद थे। पंड्या रिलायंस वन टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे जिसमें उनके अलावा चोट से वापसी करने वाले शिखर धवन और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी शामिल थे। 

प्रसाद के अलावा उनकी आईपीएल टीम मुंबई इंडियन्स का सपोर्ट स्टाफ भी यहां मौजूद था। पंड्या ने अपने चिर-परिचित अंदाज में खेलते हुए चार बड़े छक्कों के साथ 25 गेंदों में 38 रन बनाए। धवन का कंधा पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान चोटिल हो गया था जबकि भुवनेश्वर का हर्निया का आपरेशन हुआ था। 

पंड्या की तरह यह भुवनेश्वर और धवन का भी चोट से उबरने के बाद पहला मैच था। पंड्या को पांच महीने पहले कमर में चोट लगी थी जिसके बाद लंदन में उनकी सर्जरी हुई थी। यह 26 वर्षीय आलराउंडर बेंगलुरू की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहा है। पंड्या ने आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत के लिये खेला था। 

उन्होंने आखिरी टेस्ट सितंबर 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। भुवनेश्वर भी अपनी गेंदबाजी के दौरान लय में दिखे। इस दौरान प्रवीण आमरे, किरण मोरे, जहीर खान, टीए सेकर और राबिन सिंह (सभी मुंबई इंडियंस से जुड़े) जैसे पूर्व खिलाड़ी उनकी फिटनेस परखने के लिए मौजूद थे। प्रसाद तीनों खिलाड़ियों की फिटनेस प्रगति से संतुष्ट दिखे और कहा, ‘‘तीनों फिट दिख रहे थे और हार्दिक को लय में देखना अच्छा रहा।’’ 

इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के लिये पंड्या का फिट रहना टीम के लिए अहम है । वह अपने हरफनमौला कौशल के दम पर भारतीय टीम में संतुलन लाते हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल