हैदराबाद: कप्तान विराट कोहली (191) की नाबाद शतकीय पारी के दम पर भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ एकलौते टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को अपनी पहली पारी में भोजनकाल तक चार विकेट के नुकसान पर 477 रन बना लिए हैं। कोहली और रिद्धिमान साहा (नाबाद 4) के बीच पांचवें विकेट के लिए 21 रनों की साझेदारी हो चुकी है। कोहली अपने दोहरे शतक के बेहद करीब हैं।
कल के स्कोर 356/3 से आगे खेलते हुए भारत ने अपने खाते में शुक्रवार को भोजनकाल तक 121 रन जोड़े हैं। भारत को दिन का पहला झटका 456 के कुल योग पर अजिंक्य रहाणे (82) के रूप में लगा।
मैच के दूसरे दिन पारी को आगे बढ़ाने उतरे कोहली और रहाणे के बीच चौथे विकेट के लिए 222 रनों की शानदार साझेदारी हुई। इस बीच ताइजुल इस्लाम ने मेहदी हसन मिराज के हाथों रहाणे को केचआउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। रहाणे अपना शतक पूरा नहीं कर पाए।
चौथे विकेट के लिए कोहली और रहाणे ने तीसरी बार 200 से अधिक रनों की साझेदारी की, जो इस विकेट के लिए किसी भी भारतीय जोड़ी का सर्वाधिक है।
रहाणे ने अपनी पारी में 133 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए, वहीं कोहली ने अब तक 230 गेंदों पर 23 चौके लगाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में कोहली तीसरे स्थान पर हैं। इस सूची में शीर्ष पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी ग्रीम स्मिथ का नाम है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ एक पारी में 232 रन बनाए।
इसके साथ ही कोहली, घरेलू सत्र में सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर दिग्गज बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग का नाम है।
इससे पहले, भारत की ओर से गुरुवार को आउट होने वाले तीन बल्लेबाज लोकेश राहुल (2), मुरली विजय (108) और चेतेश्वर पुजारा (83) रहे।
बांग्लादेश की तरफ से तइजुल ने दो विकेट लिए, जबकि तस्कीन अहमद, मेहदी हसन को एक-एक सफलता हासिल हुई।