1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AUS : रोहित के शतक से तीसरे वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराया, 2-1 से सीरीज पर किया कब्जा

IND vs AUS : रोहित के शतक से तीसरे वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराया, 2-1 से सीरीज पर किया कब्जा

 Edited By: Bhasha
 Published : Jan 19, 2020 09:37 pm IST,  Updated : Jan 19, 2020 10:59 pm IST

तीन वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराते हुए सीरीज पर 2-1 से अपना कब्जा जमा लिया।

India vs Australia, Ind vs Aus, 3rd ODI, India vs australia 2020, Virat kohli, Rohit sharma, Shikhar- India TV Hindi
India vs Ausralia 3rd ODI Image Source : TWITTER/ICC

मोहम्मद शमी की धमाकेदार गेंदबाजी के बाद रोहित शर्मा (131) और कप्तान विराट कोहली (89) की शानदार बल्लेबाजी से भारत ने निर्णायक तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली। इससे पहले स्टीव स्मिथ के नौवे वनडे शतक के बावजूद भारत ने आखिरी दस ओवर में शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट पर 286 रन पर रोक दिया । इसके जवाब में भारत ने 15 गेंद बाकी रहते जीत दर्ज कर ली। भारत के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे केएल राहुल (19) के जल्दी आउट होने के बाद रोहित और कोहली ने दूसरे विकेट के लिये 137 रन की साझेदारी करके भारत की जीत का मार्ग प्रशस्त किया । 

ऑस्ट्रेलियाई पारी के दौरान शिखर धवन के चोटिल होने के कारण राहुल ने रोहित के साथ पारी का आगाज किया । पहले दो मैचों में 10 और 42 रन ही बना सके रोहित ने लय में लौटते हुए 128 गेंद में 119 रन बनाये । इसमें आठ चौके और छह छक्के शामिल थे । इसके साथ ही उन्होंने वनडे क्रिकेट में 9000 रन भी पूरे कर लिये । वहीं कप्तान कोहली ने लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 91 गेंद में आठ चौकों की मदद से 89 रन बनाये । 

श्रेयस अय्यर 35 गेंद में छह चौकों और एक छक्के के साथ 44 रन बनाकर नाबाद रहे । मनीष पांडे ने 48वें ओवर की पहली और तीसरी गेंद पर जोश हेजलवुड को चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई । 

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिये स्मिथ ने 132 गेंद में 131 रन बनाये लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल सका । उनके अलावा मार्नस लाबुशेन ने 64 गेंद में 54 रन बनाये । मोहम्मद शमी ने डैथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाये । उन्होंने दस ओवर में 63 रन देकर चार विकेट लिये । ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी दस ओवर में 63 रन के भीतर पांच विकेट खोये । 

इससे पहले लगातार तीसरी बार ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता लेकिन इस बार बल्लेबाजी का फैसला किया । कोहली ने पिछला मैच जीतने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं किया हालांकि ऋषभ पंत चयन के लिये उपलब्ध थे । के एल राहुल लगातार दूसरे मैच में विशेषज्ञ विकेटकीपर के रूप में उतरे । ऑस्ट्रेलिया ने फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाजों डेविड वार्नर (तीन) और आरोन फिंच (19) के विकेट जल्दी गंवा दिये । 

शमी ने वार्नर को बाहर जाती बेहतरीन गेंद पर पवेलियन भेजा । दूसरी ओर फिंच के रन आउट के लिये स्मिथ कसूरवार रहे जिन्होंने कप्तान को रन लेने के लिये बुलाया लेकिन बाद में मन बदल लिया । आम तौर पर शांतचित्त रहने वाले फिंच गुस्से में बुदबुदाते हुए ड्रेसिंग रूम की तरफ गए । पहले पावरप्ले में ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 56 रन बनाये जब स्मिथ और लाबुशेन क्रीज पर थे । दोनों ने 127 रन की साझेदारी में जबर्दस्त आपसी तालमेल का परिचय दिया । 

राजकोट वनडे में 46 रन बनाने वाले लाबुशेन ने यहां अर्धशतक बनाया । वह बड़ी पारी की ओर अग्रसर लग रहे थे लेकिन विराट कोहली ने कवर में डाइव लगाकर उनका दर्शनीय कैच लपका । रविंद्र जडेजा ने ओवर में दूसरा विकेट लिया जब एलेक्स कारे से पहले भेजे गए मिचेल स्टार्क ने डीप मिडविकेट में कैच थमाया । ऑस्ट्रेलिया का स्कोर इस समय 32 ओवर में चार विकेट पर 173 रन था । दूसरे छोर पर स्मिथ अच्छा खेल रहे थे लेकिन 300 रन पार करने के लिये ऑस्ट्रेलिया को अच्छी साझेदारी की जरूरत थी । 

स्मिथ और कारे (35) ने पांचवें विकेट के लिये 58 रन जोड़े लेकिन कारे ज्यादा देर टिक नहीं सके । शुक्रवार को शतक से दो रन से चूके स्मिथ ने थर्डमैन पर एक रन लेकर तिहरा अंक छुआ । यह तीन साल में वनडे क्रिकेट में उनका पहला शतक है । उन्होंने 46वें ओवर में नवदीप सैनी को एक छक्का और एक चौका लगाया । इसके बाद जसप्रीत बुमराह को लगातार दो चौके लगाये । वह डीप मिडविकेट पर श्रेयस अय्यर को कैच देकर लौटे । शमी ने आखिरी ओवरों में पैट कमिंस और एडम जाम्पा को बोल्ड किया । 

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल