1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. न्यूजीलैंड तोड़ सकता है भारत का टी20 खिताब जीतने का सपना? आंकड़े देख चौक जाएंगे आप

न्यूजीलैंड तोड़ सकता है भारत का टी20 खिताब जीतने का सपना? आंकड़े देख चौक जाएंगे आप

 Written By: Lokesh Khera @lokeshkhera29
 Published : Oct 28, 2021 04:35 pm IST,  Updated : Oct 28, 2021 04:35 pm IST

बता दें भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक दो ही मुकाबले खेले गए हैं और न्यूजीलैंड ने दोनों ही मुकाबले जीतकर शत प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ है।   

India vs New Zealand T20 World Cup Head To Head Records Virat Kohli vs Kane Williamson- India TV Hindi
India vs New Zealand T20 World Cup Head To Head Records Virat Kohli vs Kane Williamson Image Source : GETTY IMAGES

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 में टीम इंडिया का अभियान बेहद ही निराशाजनक अंदाज में शुरू हुआ। चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से मात देकर एतिहासिक जीत दर्ज की। 29 साल में पहली बार पाकिस्तान भारत को वर्ल्ड कप में मात देने में कामयाब रहा। इस हार को भूलाते हुए अब टीम इंडिया की नजर अगले मुकाबले पर है। भारत को इस वर्ल्ड कप में अपना दूसरा मुकाबला 31 अक्टूबर को केन विलियमसन की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है। इस मुकाबले में टीम इंडिया की नजरें पाकिस्तान की तरह इतिहास को बदलकर जीत दर्ज करने पर होगी। अब आप सोच रहे होंगे कि हम ऐसा क्यों कह रहे हैं, तो बता दें भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक दो ही मुकाबले खेले गए हैं और न्यूजीलैंड ने दोनों ही मुकाबले जीतकर शत प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ है। 

टी20 वर्ल्ड कप में भारत की न्यूजीलैंड से पहली भिड़ंत 2007 वर्ल्ड कप के दौरान हुई थी जिसमें टीम इंडिया चैंपियन बनीं थी। उस टूर्नामेंट के दौरान न्यूजीलैंड ही ऐसी टीम थी जो भारत को मात देने में कामयाब रही थी। न्यूजीलैंड ने भारत को उस दौरान 10 रनों से मात दी थी।

इसके बाद 2009, 2010, 2012 और 2014 में इन दोनों टीमों के बीच एक भी मैच नहीं खेला गया। जब 2016 में एक बार फिर इन दोनों टीमों का आमना सामना हुआ तो कीवी टीम ने फिर भारत को हार का स्वाद चखाया। 2016 टी20 वर्ल्ड कप का आगाज भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ही किया था और उस दौरान कीवी टीम भारत को 47 रनों से मात देने में कामयाब रही थी।

यह तो भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड है। वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया का रिकॉर्ड कीवियों के सामने अच्छा नहीं रहा है। वनडे वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड की भिडंत 8 बार हुई है जिसमें टीम इंडिया सिर्फ 3 बार ही जीत दर्ज कर पाई है। भारत ने आखिरी बार वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को 2003 में मात दी थी।

सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत के लिए यह यह मुकाबला जितना अहम है उतना ही अहम न्यूजीलैंड के लिए भी है। इस वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को भी पाकिस्तान के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। ऐसे में न्यूजीलैंड इस मुकाबले को जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देगी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल