1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंका के दिलशान मदुशंका ने रचा इतिहास, पाकिस्तान की धरती पर ध्वस्त किया 30 साल पुराना रिकॉर्ड

श्रीलंका के दिलशान मदुशंका ने रचा इतिहास, पाकिस्तान की धरती पर ध्वस्त किया 30 साल पुराना रिकॉर्ड

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 28, 2026 10:50 am IST,  Updated : Oct 28, 2026 10:50 am IST

पाकिस्तान को अपने ही घर में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका ने लाहौर में खेले गए ट्राई सीरीज के 5वें मुकाबले में पाकिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए फाइनल में जगह बनाई।

Dilshan Madushanka - India TV Hindi
दिलशान मदुशंका Image Source : AP

लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 27 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। मदुशंका ने अपनी धारदार गेंदबाजी से मेजबान टीम के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया। उन्होंने 8.3 ओवर में सिर्फ 34 रन खर्च करते हुए पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के कारण पाकिस्तान की पूरी टीम महज 110 रन पर सिमट गई। मदुशंका ने फखर जमान, साद बेग, अराफात मिन्हास, शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ को पवेलियन का रास्ता दिखाया। पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बेहद निराशाजनक रहा, क्योंकि टीम अपने घरेलू मैदान पर बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

इसके जवाब में श्रीलंका ने लक्ष्य हासिल करने में ज्यादा समय नहीं लगाया। कुसल मेंडिस की अगुवाई वाली टीम ने 18.1 ओवर में दो विकेट खोकर 111 रन बना लिए और मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने ट्राई सीरीज के फाइनल का टिकट भी हासिल कर लिया, जहां उसका सामना एक बार फिर मेजबान पाकिस्तान की टीम से होगा।

मदुशंका ने तोड़ा क्रिस हैरिस का रिकॉर्ड

इस मुकाबले में पांच विकेट लेने के साथ ही दिलशान मदुशंका ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। वह पाकिस्तान में पाकिस्तान के खिलाफ किसी विदेशी तेज गेंदबाज के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के क्रिस हैरिस के नाम था। उन्होंने 1996 में लाहौर में ही पाकिस्तान के खिलाफ 42 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे। अब मदुशंका ने 34 रन देकर पांच विकेट लेते हुए उनका करीब तीन दशक पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

पाकिस्तान में उसके खिलाफ किसी विदेशी तेज गेंदबाज के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन

  • दिलशान मदुशंका - 5 विकेट, 34 रन (लाहौर, 2026)
  • क्रिस हैरिस - 5 विकेट, 42 रन (लाहौर, 1996)
  • क्रेग मैकडरमॉट - 5 विकेट, 44 रन (सियालकोट, 1987)

ट्राई सीरीज से इंग्लैंड बाहर

पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका की इस जीत का असर ट्राई सीरीज के समीकरण पर भी पड़ा। श्रीलंका के फाइनल में पहुंचने के साथ इंग्लैंड की टीम खिताबी मुकाबले की दौड़ से बाहर हो गई। इंग्लैंड को लीग चरण में 29 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला खेलना है। इसके बाद 31 अक्टूबर को फाइनल खेला जाएगा, जिसमें पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे।

यह भी पढ़ें:

आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को फायदा, तीन मैच जीतकर नंबर वन के करीब पहुंचा भारत

वनडे मैच में 19वें ओवर में ही हारी पाकिस्तानी टीम, फिर भी खेलेगी फाइनल मुकाबला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।