1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZXI : बुमराह-शमी ने खतरनाक गेंदबाजी से अभ्यास मैच में मेजबानों को चेताया

IND vs NZXI : बुमराह-शमी ने खतरनाक गेंदबाजी से अभ्यास मैच में मेजबानों को चेताया

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 15, 2020 01:59 pm IST,  Updated : Feb 15, 2020 01:59 pm IST

शमी के दूसरे स्पैल ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया जिसमें सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जिमी नीशाम शामिल थे जो उनकी अतिरिक्त उछाल लेती गेंद का सामना नहीं कर सके।

MD Shami and Jasprit Bumrah- India TV Hindi
MD Shami and Jasprit Bumrah Image Source : GETTY IMAGES

हैमिल्टन| जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी ने न्यूजीलैंड एकादश के खिलाफ भारत के अभ्यास मैच के दूसरे दिन शानदार गेंदबाजी की और वेलिंगटन में होने वाले पहले टेस्ट से पहले घरेलू टीम को चेताया कि मेजबानों के लिये चीजें इतनी आसान नहीं होंगी। 

न्यूजीलैंड की टीम 74.2 ओवर में 235 रन पर सिमट गई जिसमें बुमराह (11 ओवर में 18 रन देकर दो विकेट) और शमी (10 ओवर में 17 रन देकर दो विकेट) ने परिस्थितियों का अच्छा इस्तेमाल किया। उमेश यादव (13 ओवर में 49 रन देकर दो विकेट) और नवदीप सैनी (15 ओवर में 58 रन देकर दो विकेट) ने काफी ओवर फेंके लेकिन वे टीम के दो मुख्य तेज गेंदबाजों की तरह अपने स्पेल से बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर सके। 

पिच अब बल्लेबाजों के लिये आसान होती जा रही है, पृथ्वी शॉ (19 गेंद में नाबाद 29 रन) ने कई कवर ड्राइव लगायी और उनकी पारी में एक शानदार छक्का भी शामिल रहा जबकि मयंक अग्रवाल (17 गेंद में नाबाद 23 रन) ने एक छक्का लगाया जिससे दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने बिना विकेट गंवाये 53 रन बना लिये थे। मुख्य कोच रवि शास्त्री अपने तेज गेंदबाजों की लय देखना चाहते थे और बुमराह व शमी ने बादलों भरे मौसम में काफी अच्छी गेंदबाजी की। 

उमेश और सैनी ने हालांकि अपने पहले स्पेल में काफी फुल लेंथ गेंद फेंकी। बुमराह ने उछाल हासिल करते हुए बल्लेबाजों को परेशान किया और तीन छोटे स्पेल में गेंदबाजी की जबकि शमी ने दो स्पैल डाले। शमी ने ध्यान सीम को दोनों तरीकों से गेंदबाजी करने पर लगाया। बुमराह ने विल यंग (02) को कोण लेती गेंद से बल्ला छुआने के लिये उकसाया और ऋषभ पंत ने इस कैच को लपकने में जरा गलती नहीं की। इसके बाद उन्होंने फिन एलेन (20) का विकेट झटका। 

लंच के बाद शमी के दूसरे स्पैल ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया जिसमें सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जिमी नीशाम शामिल थे जो उनकी अतिरिक्त उछाल लेती गेंद का सामना नहीं कर सके। इससे पहले उन्होंने क्रीज पर जमे हुए हेनरी कूपर (68 गेंद में 40 रन) को फुल लेंथ गेंद पर आउट किया। 

इसके बाद दोनों अंतिम सत्र में गेंदबाजी के लिये नहीं उतरे। अंत में आधा घंटा काफी मनोरंजक रहा जिसमें स्कॉट कुगेलीजन और ब्लेयर टिकनर की गेंदों को शॉ और अग्रवाल ने काफी पीटा और आसानी से रन जुटाये। भारत ने लगातार दूसरे दिन साव-अग्रवाल की सलामी जोड़ी को उतारा जिससे शुभमन गिल को शायद अपने टेस्ट पदार्पण के लिये इंतजार करना होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल