दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज रोहित शर्मा का बल्ला खामोश रहा और वो सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। रोहित को तेज गेंदबाज कगीसो रबाडा ने LBW आउट किया और सबसे बड़ा विकेट झटका। इसके साथ ही लगभग डेढ़ साल के बाद रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट में 50 से कम रन बनाकर आउट हुए हैं। इससे पहले रोहित ने 30 सितंबर, 2016 से लेकर 2 दिसंबर, 2017 तक हर पारी में 50 या इससे ज्यादा का स्कोर किया।
Related Stories
रोहित ने इस दौरान श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ कुल 5 पारियां खेलीं और इन पारियों में उन्होंने (82, 51*, 102*, 65, 50*) का स्कोर किया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले डेढ़ साल में ये पहला मौका है जब रोहित 50 से कम पर आउट हुए हैं। आपको बता दें कि रोहित शर्मा ने अब तक भारत के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान रोहित ने 41.52 के औसत से 1,412 रन बनाए हैं। रोहित के बल्ले से 3 शतक, 9 अर्धशतक लगाए हैं।
रहाणे की जगह पर मिली थी जगह: रोहित के लिए इस मैच में चलना बेहद जरूरी था क्योंकि उन्हें टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे की जगह पर शामिल किया गया था। कोहली ने मौजूदा फॉर्म को देखते हुए रहाणे की जगह पर रोहित को मौका दिया था। जबकि विदेशों में रहाणे का प्रदर्शन मौजूदा भारतीय टीम में सबसे बेहतरीन है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि दूसरी पारी में क्या रोहित कोहली के फैसले पर खरा उतर पाते हैं? या एक बार फिर से वो सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट जाएंगे।