1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: जीत को तरसती गुजरात को जडेजा की वापसी से उम्मीद

IPL 2017: जीत को तरसती गुजरात को जडेजा की वापसी से उम्मीद

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 13, 2017 05:33 pm IST,  Updated : Apr 13, 2017 05:33 pm IST

IPL के सीज़न में दो मैचों में हार का मुंह देखने वाली गुजरात लॉयंस को आल राउंडर रविंद्र जडेजा की वापसी से उम्मीद बंधी है। गुजरात को शुक्रवार को यहां राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ खेलना है।

Gujrat Lions- India TV Hindi
Gujrat Lions

राजकोट: IPL के सीज़न में दो मैचों में हार का मुंह देखने वाली गुजरात लॉयंस को आल राउंडर रविंद्र जडेजा की वापसी से उम्मीद बंधी है। गुजरात को शुक्रवार को यहां राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ खेलना है।

 
गुजरात लायंस पिछले साल अपने पहले आईपीएल में तीसरे स्थान पर रही थी, हालांकि टूर्नामेंट के इस चरण में उन्हें अच्छी शुरूआत नहीं मिली है। सुरेश रैना की अगुवाई वाली टीम को शुरूआती दो मैचों में दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइटराइडर्स और गत चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों शिकस्त मिली है। 

गुजरात लायंस की टीम को जडेजा के रूप में बड़ा मनोबल मिलेगा जिनके कल अपना पहला आईपीएल मैच खेलने की उम्मीद है। पहले दो मैचों में टीम को जडेजा की कमी खली जिन्हें बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की चार मैचों की टेस्ट सीरीज खत्म होने के तुरंत बाद दो हफ्ते के आराम की सलाह दी थी। 
जडेजा ने भारत के लिये घरेलू सत्र में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है और उनकी वापसी से निश्चित रूप से गुजरात लायंस का मनोबल बढ़ेगा। एक अन्य अहम सदस्य वेस्टइंडीज के आल राउंडर ड्वेन ब्रावो के खेलने पर संदेह बना हुआ है जो चोट से उबर रहे हैं, हालांकि उन्होंने टीम के कल अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया था। 

गुजरात लायंस का मजबूत पक्ष टीम का बल्लेबाजी विभाग है जिसमें ब्रैंडन मैकुलम, आरोन फिंच, जेसन रॉय, रैना और दिनेश कार्तिक जैसे क्रिकेटर मौजूद हैं। 

हालांकि मैकुलम और फिंच अभी तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं, उन्होंने पहले दो मैचों में क्रमश: 40 और 18 रन ही बनाये हैं। सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय ने केकेआर और हैदराबाद के खिलाफ दोनों मौकों पर पारी में अच्छी शुरूआत की लेकिन इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। केवल कप्तान रैना और कार्तिक (47 और 30) ने ही मध्यक्रम में जिम्मेदारी बखूबी संभाली, रैना ने घरेलू मैदान पर केकेआर के खिलाफ नाबाद 68 रन बनाये। 

वेस्टइंडीज के ड्वेन स्मिथ जिस दिन चल जाये तो बल्ले से आक्रामक हो सकते हैं। लेकिन गुजरात की मुख्य समस्या उसकी गेंदबाजी इकाई जिसमें अनुभव और पैनेपन की कमी है। पहले दो मैचों में गुजरात लायंस के गेंदबाज केवल एक ही विकेट हासिल कर पायें हैं जिसमें अनुभवी प्रवीण कुमार ने शिखर धवन का विकेट झटका था। 
धवल कुलकर्णी पिछले साल लॉयंस के सबसे सफल गेंदबाज थे, उनके साथ प्रवीण, बासिल थम्पी, लेग स्पिनर तेजस बरोका और बायें हाथ के चाइनामैन शिविल कौशक पहले दो मैचों में साधारण ही लगे। 

जडेजा और अनुभवी मुनाफ पटेल का अंतिम एकादश में शामिल करना निश्चित रूप से टीम के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देगा। 

वहीं राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ लगातार दो मैचों में हारने के बाद मुंबई इंडियंस को पराजित कर जीत से अपने अभियान की शुरूआत की थी। सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने पहले मैच में अर्धशतक जड़ा था और वह मयंक अग्रवाल के साथ अच्छी शुरूआत देना चाहेंगे। पेट खराब होने के कारण पिछले मैच में नहीं खेलने वाले कप्तान स्टीवन स्मिथ के अंतिम एकादश में वापसी की उम्मीद है। वहीं मनोज तिवारी पिता के निधन के कारण मैच में नहीं खेल पाये थे, उनके भी शामिल किये जाने की उम्मीद है। 

स्मिथ, तिवारी और आईपीएल 10 में बिके सबसे महंगे खिलाड़ी बेन स्टोक्स में बड़े शाट खेलने की क्षमता है, लेकिन पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की फार्म चिंता का विषय है। पुणे की गेंदबाजी लेग स्पिनर इमरान ताहिर के ईद गिर्द घूमती है लेकिन स्मिथ को अशोक डिंडा, दीपक चाहर और स्टोक्स की तिकड़ी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। 

गुजरात लायंस: सुरेश रैना (कप्तान), आकाशदीप नाथ, शुभम अग्रवाल, बासिल थम्पी, ड्वेन ब्रावो, चिराग सूरी, जेम्स फॉकनर, आरोन फिंच, मनप्रीत गोनी, इशान किशन, रविंद्र जडेजा, शदाब जकाती, धवल कुलकर्णी, दिनेश कार्तिक, प्रवीण कुमार, शिविल कौशिक, ब्रैंडन मैकुलम, मुनाफ पटेल, प्रथम सिंह, जेसन रॉय, प्रदीप सांगवान, जयदेव शाह, शैली शौर्य, नाथूसिंह, ड्वेन स्मिथ, तेजस बरोका, आंद्रे टाई 

राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स: स्टीव स्मिथ (कप्तान), फाफ डु प्लेसिस, एडम जम्पा, उस्मान ख्वाजा, महेंद्र सिंह धोनी, अजिंक्य रहाणे, अशोक डिंडा, अंकुश बैंस, रजत भाटिया, अंकित शर्मा, ईश्वर पांडे, जसकरण सिंह, बाबा अपराजित, दीपक चाहर, मयंक अग्रवाल, डेनियल क्रिस्टियन, लुकी फर्गुसन, बेन स्टोक्स और मनोज तिवारी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल