1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2019 चैंपियन मुंबई इंडियंस टीम का मुंबई लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत, देखें Photos

IPL 2019 चैंपियन मुंबई इंडियंस टीम का मुंबई लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत, देखें Photos

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 14, 2019 10:43 am IST,  Updated : May 14, 2019 10:46 am IST

आईपीएल 2019 की विजेता टीम मुंबई इंडियंस का मुंबई लौटने पर शानदार स्वागत किया गया। इस दौरान सड़कों पर मुंबई के फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा।

मुंबई इंडियंस- India TV Hindi
मुंबई इंडियंस Image Source : TWITTER/MUMBAI INDIANS

आईपीएल 2019 की विजेता टीम मुंबई इंडियंस का मुंबई लौटने पर शानदार स्वागत किया गया। इसके बाद रोहित की पल्टन ने मुंबई वासियों के साथ मिलकर जीत का जमकर जश्न मनाया। रिकॉर्ड चौथी बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली मुंबई की टीम मुंकेश अंबानी के घर एंटिलिया से खुली बस में पेडर रोड और मरीन ड्राइव होते हुए नरीमन प्वाइंट स्थित होटल ट्राइडेंट तक गई। मुंबई की टीम का काफिला जहां से भी गुजरा हजारों की तादाद में मुंबई के फैंस ने उनको घेर लिया। इस दौरान टीम के खिलाड़ी फैंस से हाथ मिलाते हुए और जीत का जश्न मनाते हुए नजर आए। मुंबई इंडियंस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर इस जश्न के कई वीडियो और फोटो पोस्ट किए हैं।

इस जश्न के दौरान कोच महेला जयवर्धने और टीम की मालकिन नीता अंबानी भी खिलाड़ियों के साथ खुली बस में मौजूद थी। खिलाड़ियों ने फैंस को हाथ हिलाकर उनके सपोर्ट के लिए शुक्रिया अदा किया।

ट्विटर पर शेयर किए गए कई फोटोज में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी फैंस के लिए ट्रॉफी के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांडया ने इस जश्न के फोटोज और वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर भी शेयर किए।

गौरतलब है कि रविवार, 12 मई को खेले गए आईपीएल 2019 के फाइनल में मुंबई इंडियंस ने आखिरी ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स को 1 रन से हराते हुए चौथी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया। रोहित की कप्तानी में मुंबई इससे पहले 2013, 2015 और 2017 में ये खिताब अपने नाम कर चुकी है।

मुंबई ने चेन्नई के सामने जीत के लिए 150 रनों का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में चेन्नई की टीम 7 विकेट खोकर 148 रन ही बना सकी। आखिरी गेंद पर चेन्नई को जीत के लिए 2 चाहिए थे लेकिन मलिंगा ने शार्दुल ठाकुर को एलबीडब्लू आउट कर हारी हुई बाजी अपने नाम कर ली।

 

 

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल