1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2019 KKR vs RCB: विराट कोहली ने जड़ी आईपीएल करियर की 5वीं सेंचुरी, 58 गेंदों में खेली विस्फोटक पारी

IPL 2019 KKR vs RCB: विराट कोहली ने जड़ी आईपीएल करियर की 5वीं सेंचुरी, 58 गेंदों में खेली विस्फोटक पारी

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 19, 2019 10:52 pm IST,  Updated : Apr 19, 2019 10:52 pm IST

कोहली ने शुरू से जिम्मा संभाले रखा था लेकिन तब भी नौ ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 60 रन था। मोईन के आने से रन गति में तेजी आयी और फिर पारी का परिदृश्य बदल दिया।

IPL 2019 KKR vs RCB: विराट कोहली ने जड़ी आईपीएल करियर की 5वीं सेंचुरी, 58 गेंदों में खेली विस्फोटक प- India TV Hindi
IPL 2019 KKR vs RCB: विराट कोहली ने जड़ी आईपीएल करियर की 5वीं सेंचुरी, 58 गेंदों में खेली विस्फोटक पारी Image Source : IPLT20.COM

कप्तान विराट कोहली के पांचवें शतक और मोईन अली की धमाकेदार पारी की मदद से रायल चैलेंजर्स बेंगलोर ने धीमी शुरुआत से उबरकर कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ आईपीएल मैच में शुक्रवार को यहां चार विकेट पर 213 रन का बड़ा स्कोर बनाया। कोहली ने 58 गेंदों पर 100 रन बनाये जिसमें नौ चौके और चार छक्के शामिल हैं। मोईन अली ने केवल 28 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 66 रन बनाये। इन दोनों के प्रयास से आखिरी दस ओवरों में 143 रन जुटाने में सफल रहा। इनमें से 91 रन अंतिम पांच ओवरों में बने। 

कोहली ने शुरू से जिम्मा संभाले रखा था लेकिन तब भी नौ ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 60 रन था। मोईन के आने से रन गति में तेजी आयी और फिर पारी का परिदृश्य बदल दिया। बेंगलोर ने शुरू में पार्थिव पटेल (11) और अक्षदीप नाथ (13) के विकेट गंवाये थे। मोईन और कोहली ने तीसरे विकेट के लिये 43 गेंदों पर 90 रन की साझेदारी की। इसमें कोहली का योगदान 22 रन का था जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मोईन शुरू से कितने हावी होकर खेले। मोईन के आउट होने के बाद कोहली ने आक्रामक तेवर अपनाये। उन्होंने मार्कस स्टोइनिस (आठ गेंद पर नाबाद 17) के साथ चौथे विकेट के लिये 24 गेंदों पर 64 रन जोड़े। इसमें कोहली का योगदान 45 रन था। 

मोईन ने कुलदीप यादव पर लांग आन पर छक्का जड़कर शुरुआत की तथा इसके बाद आंद्रे रसेल और पीयूष चावला की गेंदें भी छह रन के लिये भेजी। लेकिन कुलदीप उनके विशेष निशाने पर रहे। उन्होंने इस चाइनामैन गेंदबाज के तीसरे ओवर में छक्का और चौका लगाया। दिनेश कार्तिक ने पारी का 16वां ओवर कुलदीप को सौंपा और मोईन ने इस ओवर की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले 27 रन बटोर दिये। इसमें तीन छक्के और दो चौके शामिल हैं। एक और लंबा शाट खेलने के प्रयास में वह कैच दे बैठे। 

डेथ ओवरों के लिये मंच सज चुका था और कोहली ने इसका पूरा फायदा उठाया। हैरी गुर्ने पर लगाया गया उनका छक्का वास्तव में दर्शनीय था। इसके बाद उन्होंने नारायण और प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदें भी छह रन के लिये भेजीं आखिरी ओवर से पहले वह शतक से चार रन दूर थे। स्टोइनिस ने गुर्ने पर चौका और छक्का लगाया लेकिन उन्होंने कोहली को मौका दिया और भारतीय कप्तान ने अगली गेंद को चार रन के लिये भेजकर सैकड़ा पूरा कर दिया। पारी की आखिरी गेंद पर हालांकि वह डीप मिडविकेट पर कैच दे बैठे। 

रसेल ही केकेआर के लिये किफायती गेंदबाजी कर पाये। उन्होंने तीन ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिया। चावला से केवल एक ओवर करवाया जबकि कुलदीप ने चार ओवर में 59 रन लुटाये। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल