इंडियन प्रीमियर लीग ( आईपीएल ) के 12वें सीजन में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी ) का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से होगा। शुरुआती चार मैच गंवाने के बाद पहली जीत की तलाश में जुटी आरसीबी की टीम केकेआर के खिलाफ होने वाले मैच के लिए टीम में कुछ बड़े बदलाव कर सकती है। आरसीबी कप्तान विराट कोहली ने खुद माना कि उनकी टीम में अभी भी सही बैलेंस नहीं है लेकिन कॉम्बिनेशन के साथ प्रयोग जारी रहेंगे।
आरसीबी अपना पिछला मैच जयपुर में राजस्थान रॉयल्स से सात विकेट से हार गई थी और अब उसका सामना मजबूत टीम केकेआर से होगा। केकेआर ने अब तक तीन में से दो मैच जीते हैं। आरसीबी ने इससे पहले आखिरी बार मई 2016 में केकेआर को ईडन गार्डन्स में हराया था। इन दोनों टीमों के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में जो पिछले तीन मैच खेले गए हैं, उनमें आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा है।
विराट और एबी डिविलियर्स बना सकते हैं ये रिकॉर्ड्स
अपनी खराब फॉर्म के बावजूद कोहली और एबी डिविलियर्स व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने के बेहद करीब हैं। कोहली को सुरेश रैना के बाद टी20 में 8000 रन पूरा करने वाला दूसरा भारतीय क्रिकेटर बनने के लिए केवल 17 रन चाहिए। वही, डिविलियर्स को आरसीबी की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंचने के लिए 15 रन चाहिए। गेंदबाजी में भी आरसीबी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। एकमात्र गेंदबाज़ युजवेंद्र चहल को छोड़कर टीम के अन्य गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए और टीम को विकेट भी नहीं दिलाया।
केकेआर शानदार फॉर्म में
जहां तक कोलकाता नाइटराइडर्स की बात है तो पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स से सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा। लेकिन उसका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। उसके बल्लेबाज नितीश राणा, आंद्रे रसल, रोबिन उथप्पा और शुबमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। रसल अपनी मसल पॉवर से केकेआर को पहले भी अकेले दम पर मैच जीता चुके है। ऐसे में उन्हें रोकना बैंगलोर के लिए मुख्य चुनौती होगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
आरसीबीः पार्थिव पटेल, विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, शिमरोन हेटमेयर, मार्कस स्टॉयनिस, अक्षदीप नाथ, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल, टिम साउदी, उमेश यादव, वॉशिंगटन सुंदर।
केकेआरः सुनील नरेन, क्रिस लिन, रॉबिन उथप्पा, नीतीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), शुभमन गिल, आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, कुलदीप यादव, लॉकी फुर्गसन, प्रसिद्ध कृष्णा।