1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली से डरी ऑस्ट्रेलियाई टीम, हेजलवुड बोले- उसे काबू रखने के लिये कई तरीके आजमाने होंगे

विराट कोहली से डरी ऑस्ट्रेलियाई टीम, हेजलवुड बोले- उसे काबू रखने के लिये कई तरीके आजमाने होंगे

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 03, 2018 02:02 pm IST,  Updated : Dec 03, 2018 02:02 pm IST

उन्होंने कहा कि कोहली के बल्ले को खामोश रखने के लिये उनकी टीम योजना बना रही है। 

विराट कोहली से डरी ऑस्ट्रेलियाई टीम, हेजलवुड बोले- उसे काबू रखने के लिये कई तरीके आजमाने होंगे - India TV Hindi
विराट कोहली से डरी ऑस्ट्रेलियाई टीम, हेजलवुड बोले- उसे काबू रखने के लिये कई तरीके आजमाने होंगे  Image Source : GETTY

एडीलेड। ऑस्ट्रेलिया के उपकप्तान और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड का मानना है कि भारतीय बल्लेबाजी क्रम भले ही दुनिया में सर्वश्रेष्ठ हो लेकिन कप्तान विराट कोहली को काबू रखने से उस पर दबाव बनाया जा सकता है। कोहली ने पिछली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज में चार शतक समेत 692 रन बनाये थे। हेजलवुड ने छह दिसंबर से शुरू हो रहे पहले टेस्ट से पूर्व कहा, ‘‘भारतीय बल्लेबाजी क्रम दुनिया में सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने पिछले एक साल में काफी क्रिकेट खेला है। इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया और सिर्फ विराट कोहली ही चमके। कई दूसरे बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना सके।’’ उन्होंने कहा कि कोहली के बल्ले को खामोश रखने के लिये उनकी टीम योजना बना रही है। 

उन्होंने कहा, ‘‘हम निश्चित तौर पर इस बारे में बात करेंगे और रणनीति बनायेंगे। उसके जैसे खिलाड़ी के लिये असल में कई तरीके आजमाने पड़ेंगे।’’ उन तरीकों में हालांकि छींटाकशी शामिल नहीं है। हेजलवुड ने कहा, ‘‘विराट पर ये चीजें असर नहीं करती बल्कि इससे वह अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलता है। मैं उसे गेंदबाजी करते समय चुप ही रहता हूं।’’ 

स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की गैर मौजूदगी में भले ही भारत का पलड़ा भारी लग रहा हो लेकिन हेजलवुड ने कहा कि यह बराबरी की सीरीज होगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह मुकाबला बराबरी का होगा। हमारा सामना दुनिया की नंबर एक टीम से है लेकिन हम अपने देश में बेहतरीन क्रिकेट खेलते हैं। हमारे पास ऐसा गेंदबाजी आक्रमण है जो किसी भी टीम को परेशान कर सकता है। हम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ वह लय कायम रखना चाहेंगे जो एशेज में थी।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल