मुंबई: आईपीएल-8 के क्वालीफायर-1 में अंपायर के फैसले पर सवाल उठाने के बदले खुद चेन्नई के कप्तान धोनी पर ही गाज गिर गई। मैच प्रज़ेंटेशन में अंपायरिंग पर सवालिया निशान लगाने वाले धोनी पर मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। दरअसल, कल हुए आईपीएल क्वालीफायर में चेन्नई के ओपनर ड्वेन स्मिथ मलिंगा की बाहर जाती गेंद पर आउट हो गए थे, हालांकि टीवी स्क्रिन पर साफ दिख रहा था कि गेंद लेग स्टंप के काफी बाहर जा रही थी। लेकिन फील्ड अंपायर आरके इलिंगवर्थ गलती कर बैठे और शून्य पर खेल रहे स्मिथ को आउट दे दिया।
वहीं, मैच के बाद इस फैसले की खुलेआम आलोचना करने पर धोनी को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत आर्टिकल 2.1.7 का दोषी पाया गया और उन पर मैच फीस का जुर्माना भी लगा दिया गया। हालांकि स्मिथ को आउट देने का अंपायर इलिंगवर्थ का फैसला चेन्नई के लिए काफी महंगा पड़ा और चेन्नई मुंबई के हाथों 25 रन से हार गया।

फोटो: अंपायर के खराब फैसले की वजह से आउट होने के बाद पवेलियन में गुस्सा ज़ाहिर करते ड्वेन स्मिथ
फिलहाल चेन्नई के पास अभी भी आईपीएल-8 के फाइनल में पहुंचने का मौका है। आईपीएल की मौजूदा फॉर्मेट के मुताबिक प्लेऑफ में पहुंची दो टीमों में से हारने वाली टीम के पास क्वालीफायर-2 में भी खेलने का मौका होता है। यानी आज राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर में से जो भी टीम जीतेगी, वो टीम रांची में 22 मई को चेन्नई से क्वालीफायर खेलगी। जबकि आज होने वाले मैच में हारने वाली टीम आईपीएल से सीधेतौर पर बाहर जाएगी।