1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बोल्ट की हैट्रिक के दमपर न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को हराया

बोल्ट की हैट्रिक के दमपर न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को हराया

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 08, 2018 11:07 am IST,  Updated : Nov 08, 2018 11:15 am IST

ट्रेंट बोल्ट वनडे क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे गेंदबाज बने।

ट्रेंट बोल्ट- India TV Hindi
ट्रेंट बोल्ट Image Source : GETTY IMAGES

अबुधाबी: ट्रेंट बोल्ट वनडे क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे गेंदबाज बने जिससे उनकी टीम ने बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ तीनों मैचों की सीरीज के पहले मैच में 47 रन से जीत दर्ज करके 1-0 से बढ़त हासिल की। पाकिस्तान के सामने 267 रन का लक्ष्य था लेकिन तेज गेंदबाज बोल्ट ने फखर जमां(1), बाबर आजम (0) और मोहम्मद हफीज (0) को आउट करके उसका स्कोर 3 विकेट पर 8 रन कर दिया। पाकिस्तान इन शुरुआती झटकों से आखिर तक नहीं उबर पाया और उसकी पूरी टीम 47.2 ओवर में 219 रन पर आउट हो गयी। बोल्ट ने 54 रन देकर तीन विकेट लिये। 

इससे पहले न्यूजीलैंड ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अनुभवी रोस टेलर (80) और टॉम लैथम (68) के अर्धशतकों की मदद से नौ विकेट पर 266 रन बनाये थे। पाकिस्तान की तरफ से शाहीन अफरीदी और शादाब खान ने चार- चार विकेट लिये। अपने बच्चे के जन्म के कारण टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड की 0-3 से हार में नहीं खेलने वाले बोल्ट ने कहा,‘‘वापसी पर जीत हासिल करके अच्छा लग रहा है। इस मैच में नयी गेंद की भूमिका अहम थी और हम जानते थे कि शुरू में विकेट लेने से लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो जाएगा।’’ 

पाकिस्तान शुरू में लड़खड़ा गया और एक समय उसका स्कोर छह विकेट पर 85 रन था। इसके बाद सरफराज अहमद (64) और इमाद वसीम (50) ने सातवें विकेट के लिये 103 रन जोड़े लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हो पाया। 

न्यूजीलैंड की तरफ से कोलिन डि ग्रैंडहोम ने दो और लॉकी फर्गुसन ने तीन विकेट लेकर बोल्ट का अच्छा साथ दिया। बोल्ट से पहले न्यूजीलैंड की तरफ से डैनी मौरीसन (बनाम भारत, नेपियर 1999) और शेन बांड (बनाम आस्ट्रेलिया, होबार्ट 2007) ने वनडे में हैट्रिक ली थी। 

दोनों टीमों के बीच अगला मैच शुक्रवार को अबुधाबी में ही खेला जाएगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल