1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वेस्टइंडीज की हार का सिलसिला बरकरार, कीवियों ने किया सूपड़ा साफ

वेस्टइंडीज की हार का सिलसिला बरकरार, कीवियों ने किया सूपड़ा साफ

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Dec 26, 2017 05:07 pm IST,  Updated : Dec 26, 2017 05:08 pm IST

इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 मैचों की वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया।

ट्रेंट बोल्ट- India TV Hindi
ट्रेंट बोल्ट

न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच में कीवी टीम ने वेस्टइंडीज को 66 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 मैचों की वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया। बारिश से प्रभावित तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को डकवर्थ लुईस के आधार पर 66 रनों से हरा दिया।बारिश के कारण मैच को 23 ओवर का कर दिया गया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 131 रन बनाए जिससे वेस्टइंडीज को डकवर्थ लुईस पद्धति के तहत 166 रन का संशोधित लक्ष्य मिला।

वेस्टइंडीज ने इसके जवाब में नौ रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे और टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 99 रन ही बना सकी। टीम पर हालांकि एक समय जिंबाब्वे के एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे कम 35 रन के स्कोर से भी कम पर सिमटने का खतरा मंडरा रहा था। वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान जेसन होल्डर ने 21 गेंद में सर्वाधिक 34 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से ट्रेंट बोल्ट और मिशेल सेंटनर ने 18 और 15 रन देकर तीन-तीन जबकि मैट हेनरी ने दो विकेट चटकाए। इससे पहले न्यूजीलैंड ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने जब 19 ओवर में तीन विकेट पर 83 रन बनाए थे तब बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा।

दोबारा खेल शुरू होने पर न्यूजीलैंड को चार और ओवर खेलने को मिले जिसमें टीम ने 48 रन जोड़े। रोस टेलर 47 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि टाम लैथम ने 37 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज को इससे पहले टेस्ट श्रृंखला में भी 2-0 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। 

दोनों टीमों के बीच अब तीन टी20 मैचों की श्रृंखला शुक्रवार से नेल्सन में खेली जाएगी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल