1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup : कीवी तेज गेंदबाज मिल्ने को भारत के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

T20 World Cup : कीवी तेज गेंदबाज मिल्ने को भारत के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 29, 2021 03:40 pm IST,  Updated : Oct 29, 2021 03:40 pm IST

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने को उम्मीद है कि आईसीसी टी20 विश्व कप में रविवार को भारत के खिलाफ मैच में वह अपनी लय का फायदा उठाते हुए अंतर पैदा करने में सफल रहेंगे। 

T20 World Cup : कीवी तेज...- India TV Hindi
T20 World Cup : कीवी तेज गेंदबाज मिल्ने को भारत के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद  Image Source : GETTY

दुबई।  चोटिल लॉकी फर्ग्यूसन के स्थान पर टीम में शामिल किये गये न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने को उम्मीद है कि आईसीसी टी20 विश्व कप में रविवार को भारत के खिलाफ मैच में वह अपनी लय का फायदा उठाते हुए अंतर पैदा करने में सफल रहेंगे। मिल्ने टीम में रिजर्व खिलाड़ी के रूप में शामिल थे लेकिन फर्ग्यूसन के चोटिल होने के बाद उन्हें मुख्य टीम में मौका मिला है। वह मंगलवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अंतिम एकादश में शामिल होने वाले थे लेकिन मैदान पर पहुंचने पर पता चला कि आईसीसी से उन्हें चोटिल खिलाड़ी की जगह शामिल करने के लिये मंजूरी नहीं मिली थी।

मिल्ने ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘ हाँ, मुझे निश्चित रूप से ऐसा लगता है कि यह मेरे लिए लंबे समय से क्रिकेट में लगातार सबसे अच्छा दौर रहा है।’’ बिग बैश लीग, विटैलिटी ब्लास्ट एंड द हंड्रेड जैसे छोटे प्रारुप के फ्रेंचाइजी आधारित लीग टूर्नामेंटों में शानदार लय में रहे इस गेंदबाज ने कहा, ‘‘ मै इस लय का अधिकतम लाभ उठाना चाहूंगा और इस समय अच्छा प्रदर्शन करना जारी रखते हुए अपने खेल में और सुधार करना चाहूंगा। मैं यहां (टी20 विश्व कप) गेंद के साथ अंतर पैदा करने और वास्तव में यह साबित करने के लिए उत्साहित हूं कि यह समय मेरे लिए प्रभावशाली है।’’

यह 29 साल का गेंदबाज हाल ही में खत्म हुई इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियन्स का हिस्सा था। उनका मानना है कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अगर वह टीम का हिस्सा होते तो न्यूजीलैंड का प्रदर्शन और बेहतर हो सकता था। न्यूजीलैंड की टीम यह मैच पांच विकेट से हार गयी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘आईपीएल के दौरान जिस तरह की पिचें थी उस पर ध्यान दें तो तेज गेंदबाजों को असमान उछाल मिल रही थी इससे बल्लेबाजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मेरे होने से शायद टीम थोड़ी और मजबूत होती। हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन पाकिस्तान की टीम ने आखिरी ओवरों में शानदार बल्लेबाजी की थी।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल