1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेन स्टोक्स पर टी20 विश्व कप के लिए कोई दबाव नहीं बना रहे - कोच

बेन स्टोक्स पर टी20 विश्व कप के लिए कोई दबाव नहीं बना रहे - कोच

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 07, 2021 10:35 pm IST,  Updated : Sep 07, 2021 10:35 pm IST

 इंग्लैंड के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड ने सोमवार को कहा कि वह इस साल होने वाले टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए बेन स्टोक्स पर ‘कोई दबाव नहीं’ बना रहे।’ 

No pressure on Ben Stokes for T20 World Cup - Coach- India TV Hindi
No pressure on Ben Stokes for T20 World Cup - Coach Image Source : GETTY IMAGES

लंदन। इंग्लैंड के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड ने सोमवार को कहा कि वह इस साल होने वाले टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए बेन स्टोक्स पर ‘कोई दबाव नहीं’ बना रहे।’ 

इंग्लैंड के ऑलराउंडर स्टोक्स ने अपने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए और अपने बायें हाथ की तर्जनी अंगुली की चोट को उभरने से रोकने के लिए सभी तरह के क्रिकेट से अनिश्चितकाल के लिए ब्रेक लिया है। 

स्टोक्स ने पिछला प्रतिस्पर्धी मुकाबला जुलाई में द हंड्रेड प्रतियोगिता में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के लिए खेला था। संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में टी20 विश्व कप 17 अक्तूबर से शुरू होगा। 

वहीं सिल्वरवुड ने चौथे टेस्ट में पहली पारी में 99 रन से पिछड़ने के बावजूद जीत दर्ज करने के लिए विराट कोहली की टीम की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय टीम को पता है कि वापसी कैसे करनी है। भारत ने दूसरी पारी में 466 रन बनाकर इंग्लैंड को 368 रन का लक्ष्य दिया और फिर गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 157 रन से जीत दर्ज की। 

सिल्वरवुड ने कहा कि 200 रन के आसपास की बढ़त हासिल करके वे भारतीय टीम को परेशानी में डाल सकते थे। 

‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ ने सिल्वरवुड के हवाले से कहा, ‘‘हम सच्चाई बयां करें तो मैं और अधिक बढ़त हासिल करना पसंद करता, इससे हमें भारतीयों पर दबाव बनाने का मौका मिलता।’’ 

उन्होंने कहा,‘‘हम ऐसा करने में नाकाम रहे और ड्रेसिंग रूम में हमने आपस में इस बारे में बात की।’’ 

सिल्वरवुड ने कहा,‘‘उन पर शायद 190 रन से अधिक की बढ़त बनाना शानदार रहा। इससे काफी दबाव पड़ता लेकिन एक बार फिर भारतीयों को श्रेय जाता है, उन्हें पता है कि वापसी कैसे करनी है।’’ 

रोहित शर्मा ने विदेशी सरजमीं पर अपना पहला शतक जड़ा जबकि ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर ने भी अर्धशतक जड़ते हुए भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 

इंग्लैंड ने अंतिम दिन की शुरुआत बिना विकेट खोए 77 रन से की लेकिन जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से उसका बल्लेबाजी क्रम ढह गया और टीम मैच हार गई। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल